विंटर कार्निवाल में ‘मेरा पिया घर आया’

मनाली। तीसरे राष्ट्रीय शरदोत्सव के अंतिम दिन दिल्ली से आए जश्न रॉक बैंड के कलाकारों ने खूब धमाल मचाया। कलाकारों के मंच संभालते ही सैलानी और मनालीवासी झूम उठे। कलाकारों ने मेरा पिया घर आया हो राम जी तथा जीने के हैं चार दिन सहित कई नई फिल्मों के गाने गाकर खूब तालियां बटोरीं। उत्सव के अंतिम दिन भी माल से लेकर मनुरंगशाला तक कुल्लवी, हिमाचली तथा देश-विदेश की समृद्ध संस्कृति के दीदार हुए। कार्यक्रम प्रस्तुत करने पहुंचे पड़ोसी देश श्रीलंका के दल ने जहां अपने देश की संस्कृति को नृत्य से बखूबी प्रदर्शित किया, वहीं असम के मिलीजुली, धनलक्ष्मी दल असम तथा उज्जैन के कलाकारों ने भी अपने राज्य की संस्कृति को गीत-संगीत तथा नृत्य के माध्यम से प्रस्तुत किया। फोक डांस में बीएस भारद्वाज, अनिल सूर्यावंशी, बोनिया रानी, सतिंद्र सिंह, लाल सिंह, नरेश ठाकुर, गौरव कौंडल तथा नवनीत ने फिल्मी तथा हिमाचली गीतों पर जमकर वाहवाही लूटी। वायस ऑफ कार्निवाल के प्रतिभागी हेम राज, सुशील, अमित, कुलदीप, हिमांशु, खेम राज तथा अनिल सूर्यवंशी ने एक से बढ़कर एक गीत पेश कर दर्शकों को खूब नचाया। इसके अलावा माल रोड पर आयोजित वाद्य यंत्र प्रतियोगिता में भी ढोल-नगाड़ों तथा शहनाई की स्वर लहरियों के बीच कुल्लवी नाटी और कुल्लवी तरानों की दिनभर धूम रही।

Related posts