वाहन से कुचलकर बागवान की मौत

भुंतर (कुल्लू)। भुंतर थाना के पास एक नाली से पुलिस ने बागवान का शव बरामद किया है। पुलिस ने पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया है। बताया जा रहा है कि युवक सेब बेचने के लिए सब्जी मंडी आया था। मौत के असली कारणों का अभी तक खुलासा नहीं हो पाया है। लेकिन आशंका जताई जा रही है कि युवक को शायद किसी वाहन ने टक्कर मारी हो। पुलिस ने बताया कि यह हादसा है या कोई वारदात इसका पता छानबीन पूरी होने के बाद की चल पाएगा। पुलिस के अनुसार सुबह थाने में फोन आया कि सब्जी मंडी के पास एक युवक का शव पड़ा है। पुलिस दल ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर छानबीन शुरू कर दी। डीएसपी संजय शर्मा ने बताया कि पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ भादंसं की धारा 279,304ए और मोटर वाहन अधिनियम की धारा 187 के तहत मामला दर्जकर छानबीन शुरू कर दी है।
डीएसपी ने बताया कि अभी तक केस के जांच में किसी वाहन की टक्कर से सिर में चोट लगने से मौत होने की बात सामने आई है लेकिन पुलिस मामले के सभी पहलुओं की छानबीन कर रही है। यह हत्या है या हादसा इसका पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल पाएगा। फिलहाल पुलिस मौके से फरार वाहन चालक की तलाश में जुट गई है। इस वारदात में मारे गए युवक की पहचान दोहरानाला के खडीहार पंचायत के पधर गांव के सुदर्शन सिंह (22) के रूप में हुई है। पुलिस ने पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया है। मामले की छानबीन एएसआई राजेश कुमार कर रहे हैं।

Related posts