
दौलतपुर चौक (ऊना)। गगरेट रोड स्थित अंबोआ खड्ड में अज्ञात वाहन ने मोटरसाइकिल सवार दो युवकों को टक्कर मार दी। इनमें से एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया है, जो नाजुक हाल में अस्पताल में उपचाराधीन है। पुलिस ने पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों के हवाले कर दिया है। जबकि घटना के संदर्भ में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। घटना का शिकार हुए बाइक सवार दोनों सगे भाई हैं।
जानकारी के मुताबिक नंगल जरियालां निवासी सगे भाई हनी और सन्नी सोमवार देर रात बाइक पर घर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान अंबोआ खड्ड में अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर दे मारी। दर्दनाक हादसे में हनी ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। जबकि सन्नी के दोनों बाजू और दाहिनी टांग हादसे में टूट गई है। स्थानीय लोगों ने सन्नी को फौरन एफआरयू दौलतपुर चौक पहुंचाया, जहां उसे प्राथमिक उपचार देने के बाद फौरन क्षेत्रीय अस्पताल भेज दिया गया, जहां उसका उपचार किया जा रहा है। उधर डीएसपी अंब सागर चंद्र ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। उन्होंने बताया कि आईपीसी की धारा 279, 337, 304 और 187 के तहत मामला दर्ज कर पुलिस ने केस की छानबीन शुरू कर दी गई है।
