
कुल्लू। जिला पुलिस अधीक्षक कुल्लू सुरेंद्र वर्मा ने कहा कि जिला में यातायात एवं कानून व्यवस्था को बनाए रखने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। बचत भवन कुल्लू में व्यापार मंडल, टैक्सी एवं ट्रक यूनियन के पदाधिकारियों तथा अन्य जन प्रतिनिधियों के साथ यातायात एवं कानून प्रबंधन पर एसपी सुरेंद्र वर्मा ने समीक्षा बैठक ली।
इस अवसर पर उन्होंने कहा कि हादसों के लिहाज से हिमाचल प्रदेश भी काफी संवेदनशील है। हिमाचल प्रदेश में हर दिन चार लोगों की मौत सड़क हादसों के कारण हैं। हादसों का मुख्य कारण लापरवाही है। हादसों को कम करने के लिए सभी को मिलकर प्रयास करने होंगे। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे ओवर स्पीड वाहन न चलाएं, नशे की हालत में भी वाहन न चलाएं और वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग न करें। इसके अलावा दोपहिया वाहन चालक हेलमेट जरूर पहनें। वाहन चलाते समय कोई व्यक्ति यदि चालक फोन पर बात करते हुए पाया जाता है तो उसका चालान किया जाएगा। अधिकांश दुर्घटनाओं का कारण गाड़ी चलाते समय मोबाइल फोन होता है। उन्होंने सभी दोपहिया वाहन के चालकों से आह्वान किया है कि वाहन चलाते समय हेलमेट अवश्य पहनें, यदि कोई यातायात कानून का उल्लंघन करता है तो उनका चालान किया जाएगा। उन्होंने आम नागरिकों से अपील की है कि शहर में कानून व्यवस्था तथा यातायात व्यवस्था को बनाए रखने के लिए पुलिस का सहयोग करें और किसी प्रकार की अप्रिय घटना की सूचना एवं गैर कानूनी कार्यों के बारे में पुलिस को अवगत करवाएं।
उन्होंने अभिभावकों से अपील की है कि 18 वर्ष से कम आयु के बच्चों को बाइक व गाड़ी चलाने के लिए प्रेरित न करेें। इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक निहाल चंद, उप पुलिस अधीक्षक संजय शर्मा, प्रदेश कांग्रेस महासचिव सुंदर ठाकुर, नप कुल्लू के उपाध्यक्ष मनु शर्मा, जिप सदस्य दिनेश सेन, कुल्लू कॉलेज के प्राचार्या वीपी महंत समेत विभिन्न स्कूलों के प्रधानाचार्य तथा अन्य गैर सरकारी सदस्यों ने भी भाग लिया।
