
सिडनी: ऑस्ट्रेलियाई कप्तान माइकल क्लार्क ने कहा है कि उनकी टीम के ओपनर डेविड वार्नर का इंग्लिश खिलाड़ी के साथ मारपीट की घटना के बाद अगले महीने शुरु होने जा रही एशेज सीरीज के लिए टीम में जगह बनाना मुश्किल होगा। सिडनी के डेली टेलीग्राफ में क्लार्क ने अपने लेख में कहा कि वार्नर का इंग्लिश खिलाड़ी जो रूट के साथ मारपीट करने की घटना शर्मनाक और दुखद है।
यह किसी भी लिहाज से स्वीकार्य नहीं है। वार्नर को अपनी टीम का सम्मान वापिस पाने के लिए अब अथक प्रयास करना होगा। ऑस्ट्रेलियाई ओपनर वार्नर को इंग्लैंड में चल रही चैंपियंस ट्रॉफी के एक मैच से पहले इंग्लिश खिलाड़ी जो रूट के साथ मारपीट करने के आरोप में गत गुरुवार ही क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने 11 हजार डॉलर का जुर्माना लगाया था तथा उन्हें एशेज ट्रॉफी के शुरु होने तक टीम से निलंबित कर दिया था। ऐसे में क्लार्क का यह बयान वार्नर की मुश्किलों में इजाफा कर सकता है।
वार्नर चैंपियंस ट्रॉफी के शेष मैचों में ऑस्ट्रेलिया की ओर से नहीं खेल सकेंगे तथा वह इंग्लैंड के खिलाफ 10 जुलाई को नाटिंघम
में होने वाले पहले टेस्ट से पूर्व दो अभ्यास मैचों में भी टीम का हिस्सा नहीं होंगे। क्लार्क ने कहा ‘मुझे लगता है कि इस पूरे घटनाक्रम के बाद वार्नर के लिए टीम में वापिस अपनी जगह बनाना मुश्किल होगा। डेविड ने गलती की है और अब वह उसका जुर्माना भुगत रहे हैं। वार्नर चैंपियंस ट्रॉफी के अलावा इंग्लैंड के खिलाफ पहले टेस्ट से पूर्व खेले जाने वाले मैच भी नहीं खेल पाएंगे ऐसे में एशेज के लिए उन्हें टीम में जगह पाना मुश्किल होगा।’
