वाणिज्य मंत्री की घोषणाओं से उद्योगपति खुश

टाहलीवाल (ऊना)। हिमाचल प्रदेश में औद्योगिक निवेश को प्रोत्साहित करने के लिए 2017 तक कैपिटल इन्वेस्टमेंट सब्सिडी एवं भाड़ा उपदान योजना को जारी रखने की वाणिज्य मंत्री आनंद शर्मा की घोषणा का टाहलीवाल औद्योगिक क्षेत्र में स्वागत हुआ है। बाथू, बाथड़ी व टाहलीवाल इंडस्ट्रियल एसोसिएशन के अध्यक्ष तथा राज्य सामान्य उद्योग निगम के निदेशक पवन ठाकुर ने कहा कि वाणिज्य मंत्री आनंद शर्मा ने हिमाचल में आकर जो केंद्र सरकार की तरफ से राज्य को राहत प्रदान की है, उससे प्रदेश में औद्योगिक विकास को गति मिलेगी। इससे प्रदेश में युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी खुलेंगे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह और उद्योगमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने जिस प्रकार से औद्योगिक इकाइयों को राहत दिलाने के लिए केंद्र सरकार से मांगें रखी थीं। यह उन्हीं की मेहनत का परिणाम है कि वाणिज्य मंत्री ने हिमाचल को ये दो तोहफे दिए हैं और औद्योगिक पैकेज को लेकर भी सकारात्मक रुख दिखाया है। हिमाचल में कांग्रेस सरकार ने औद्योगिक विकास के लिए विशेष नीति बनाकर उद्योगपतियों को राज्य में उद्योग लगाने के लिए प्रोत्साहित किया है और अब केंद्र सरकार के उदार रवैये के बाद और उद्योगपति भी हिमाचल का रुख करेंगे। बीबीटी एसोसिएशन के पदाधिकारी आरके नाग, राकेश चावला, चमन बीटन, रोहित सुरी, राकेश सूद, जयदीप, कपिल आनंद, वीरेंद्र, मधुकर द्विवेदी, शैलेंद्र सिंह, एमएस सोढी, अनुज अरोड़ा, सुनील दत्त, अजय राय, सचिन सुरी, नागेंद्र शर्मा, महेश कुमार, दीपक शर्मा, सत्य प्रकाश और सुरेंद्र कुमार ने कहा कि उद्योगमंत्री मुकेश अग्निहोत्री के प्रयासों से प्रदेश में औद्योगिक विकास की नई क्रांति आई है। उन्होंने इस उपलब्धि का श्रेय मुकेश अग्निहोत्री को दिया। उन्होंने कहा कि केंद्रीय मंत्री आनंद शर्मा की घोषणाएं प्रदेश में औद्योगिक विकास की रफ्तार को आगे बढ़ाने में कारगर साबित होंगी।

Related posts