वर्कशॉप शाखा का रिकार्ड राख

ऊना। स्थानीय परिवहन निगम का कार्यालय आग की भेंट चढ़ गया है। आगजनी में दफ्तर का सारा रिकॉर्ड भी जलकर राख हो गया है। घटना में लगभग हजारों रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है। सूचना मिलते ही दमकल कर्मचारियों ने मौके पर पहुंच कर आग पर काबू पाया। आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। पुलिस ने मामले की तफ्तीश शुरू कर दी है। आगजनी की घटना के बाद आरएम विवेक लखनपाल ने घटनास्थल का जायजा लिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मंगलवार मध्य रात्रि करीब दो बजे एचआरटीसी कार्यालय में अचानक आग लग गई और कार्यालय से आग की ऊंची-ऊंची लपटें निकलने लग पड़ीं। इसी दौरान रात को धार्मिक कार्यक्रम की तैयारियों के लिए सड़क पर लड़ियां लगा रहे कुछ लोगों ने धुआं देखकर फायर बिग्रेड को सूचित किया। ड्यूटी पर तैनात होमगार्ड जवानों ने इसकी सूचना दमकल विभाग एवं क्षेत्रीय प्रबंधक को दी। जिसके बाद दमकल विभाग के कर्मियों ने मौके पर पहुंच कर आग पर काबू पाया और लगभग पांच लाख रुपये की संपत्ति को बचाने का दावा किया है। इस आगजनी की घटना में दो कंप्यूटर, एक अलमारी सहित कई वर्षों का पुराना रिकॉर्ड आग की भेंट चढ़ गया है। करीब 50 हजार के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है। आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। इस संबंध में दमकल विभाग के प्रभारी सरवण कुमार शर्मा ने बताया कि सूचना मिलते ही चरणजीत, वीरेंद्र कुमार, दक्ष कुमार, हरमेश और तिलक राज ने मौके पर पहुंच आग पर काबू पाया। वहीं क्षेत्रीय प्रबंधक विवेक लखनपाल ने बताया कि मामले की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचकर दमकल विभाग के कर्मचारियों के साथ मिलकर आग पर नियंत्रण पाने के प्रयास किए। कार्यालय में आग लगने से वर्षों पुराने कई जरूरी दस्तावेज भी जलकर राख हो गए हैं

Related posts