वर्कशाप शिफ्ट कर शुरू हो बस अड्डे का निर्माण

चंबा। चंबावासियों का एक प्रतिनिधिमंडल शहर की समस्याओं को लेकर सहायक उपायुक्त दीप्ति कपूर से मिला। इस मौके पर उन्होंने उपायुक्त को समस्याओं से अवगत करवा। स्थानीय निवासी संजय सोनी, मोहम्मद आशिक, देवेंद्र शर्मा, धीरज मेहरा, बलविंद्र सिंह, विक्रम जसरोटिया, सुमित ठाकुर, अमित ठाकुर, दीपक, सुमेर सिंह और ईशान ने बताया कि उन्होंने मांग की है कि शीतला पुल के पास बनने वाले बस स्टैंड का निर्माण कार्य युद्धस्तर पर शुरू किया जाए, ताकि शहर में आए दिन पैदा हो रही यातायात की समस्या से छुटकारा मिल सके। उन्होंने कहा कि जेल को राजपुरा शिफ्ट कर दिया गया है। अब एचआरटीसी की वर्कशाप को भी परेल शिफ्ट किया जाए, ताकि बस स्टैंड के निर्माण को प्रगति दी जा सके। इसके अलावा कसाकड़ा मोहल्ला और ततवानी से होकर जिला मुख्यालय की ओर जाने वाले वैकल्पिक मार्ग की मरम्मत की जाए। इससे पैदल यात्रियों और छोटे वाहन चालकों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। उन्होंने कहा कि पुराने कारागार परिसर के पास सीवरेज लाइन की मरम्मत की जाए। यहां पर हर समय कीचड़ और सीवरेज का गंदा पानी फैला रहता है। इससे बीमारी लगने का खतरा बना हुआ है। उन्होंने उपायुक्त से मांग की है कि रावी नदी पर बने पुराने शीतला पुल की मरम्मत की जाए। उन्होंने कहा कि इस पुल से सैकड़ों स्कूली छात्र-छात्राएं रोजाना गुजरते हैं। इसके अलावा शीतला पुल पर लगी स्ट्रीट लाइटों को भी ठीक किया जाए। लाइटें बंद होने के कारण रात के समय राहगीरों को काफी दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने उपायुक्त से मांग की है कि इन समस्याओं का जल्द समाधान किया जाए। इससे शहर के लोगों को काफी सहूलियत मिलेगी। उधर, सहायक उपायुक्त ने आश्वासन दिया है कि उनकी समस्याओं का जल्द समाधान कर दिया जाएगा।

Related posts