वन विभाग के कर्मियों को कुचलने का प्रयास

मुबारिकपुर (ऊना)। क्षेत्र के गाेंदपुद बनेहड़ा में वन माफिया के लोगों की ओर से वन विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों को गाड़ी तले कुचलने का प्रयास किया गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार वन परिक्षेत्र भरवाईं के तहत एक गुप्त सूचना के आधार पर वन परिक्षेत्र अधिकारी राहुल शर्मा के नेतृत्व में सोमवार रात गोंदपुर बनेहड़ा में नाका लगाया गया। इस वन नाके में डिप्टी रेंजर दौलतपुर राकेश कुमार, वन रक्षक उत्तम सिंह, जोगिंद्र सिंह एवं विशन दास भी मौजूद रहे। जब वन अधिकारी राहुल शर्मा ने लकड़ी ले जा रही गाड़ी को रोकने का प्रयास किया तो गाड़ी के चालक ने वन कर्मियों को गाड़ी से कुचलने का प्रयास किया और मौके से गाड़ी भगाने में कामयाब रहा। इस गाड़ी में कैंबल एवं आम की लकड़ी लदी थी। वन विभाग की टीम ने फिर उक्त गाड़ी का पीछा किया और घनारी में फिर उसे रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक गाड़ी को भगा ले गया। इस संबंध में वन परिक्षेत्र अधिकारी भरवाईं राहुल शर्मा ने बताया कि गाड़ी चालक ने वन कर्मियों को कुचलने का प्रयास कर भारतीय वन अधिनियम 1927 का उल्लंघन कर सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाई है। राहुल शर्मा ने बताया कि यह गाड़ी अमित कुमार निवासी कोट पटियालां के नाम पर है तथा गाड़ी चालक के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की तैयारी कर ली गई है। एक अन्य मामले में दौलतपुर चौक पुलिस ने एक प्रतिबंधित लकड़ी से भरी गाड़ी नंबर एचपी 19ए 7972 पकड़ कर वन विभाग के सुपुर्द की थी। वन परिक्षेत्र अधिकारी राहुल शर्मा ने बताया कि इसमें वन अधिनियम 1927 की अवहेलना करने पर गाड़ी चालक को दस हजार एवं लकड़ी बेचने वाले को तीन हजार रुपये का जुर्माना किया गया है। यह प्रतिबंधित लकड़ी धर्मशाला महंता से काटी गई है। लकड़ी को वन विभाग ने कब्जे में लेकर सील कर दिया है। राहुल शर्मा ने कहा कि लकड़ी तस्करी करने वालों को बक्शा नहीं जाएगा।

Related posts