
हमीरपुर। बहुतकनीकि कालेज बड्डू के खेल मैदान मेें चल रही वन रक्षकों की भर्ती में भाग लेने आए युवकों को मायूस होकर वापस लौटना पड़ा है। शनिवार को वन रक्षक में भर्ती होने का सपना संजोए दर्जनों अभ्यर्थी निर्धारित स्थल पर पहुंचे लेकिन वहां भर्ती प्रक्रिया न होने से उन्हें मायूस होकर लौटना पड़ा। छुट्टी का दिन होने से भर्ती में भाग लेने आए अभ्यर्थियों को तपती धूप में परेशानी का सामना करना पड़ा है। भर्ती के लिए बड़सर, भोरंज, बिझड़ी, ताल, अमरोह, हमीरपुर, नादौन से अभ्यर्थी पहुंचे हुए थे।
गौर रहे कि वन विभाग सर्कल हमीरपुर द्वारा फोरेस्ट गार्डों के 22 पदों को भरने के लिए भर्ती प्रक्रिया का आयोजन किया जा रहा है। इसके लिए अभ्यर्थियों को बाकायदा भर्ती तिथि के साथ काल लेटर भेजे गए हैं लेकिन 25 मई की भर्ती में वन विभाग के अधिकारी मैदान में नहीं थे। अभ्यर्थी सुबह से मैदान में जमा थे लेकिन भर्ती करने वाले अधिकारियों के न होने से परेशान दिखे।
भर्ती में भाग लेने पहुंचे नरेश कुमार, नरेंद्र, नीरज, निखिल, निशांत, मनोज, मनदीप, ओंकार, नितीश, नेक राम, निजुल ने बताया कि भर्ती के लिए मैदान में पहुंचे थे। काल लैटर पर भी 25 तारीख को ग्राउंड टेस्ट होने की तिथि दी गई है लेकिन विभाग ने छुट्टी होने के चलते भर्ती प्रक्रिया स्थगित कर दी। इसकी सूचना अभ्यर्थियों को नहीं मिली है और सभी अभ्यर्थी काल लेटर के अनुसार ही मैदान में पहुंचे हैं। शनिवार को भर्ती न होने से अभ्यर्थियों ने वन विभाग के प्रति रोष जताया है।
उधर वन अरण्यपाल हमीरपुर वृत्त प्रदीप ठाकुर का कहना है कि लड़के भर्ती के लिए मैदान में पहुंचे थे। उनका नंबर नोट कर उन्हें सोमवार को बुलाया गया है। छुट्टी होने के कारण भर्ती प्रक्रिया को दो दिन के लिए बंद रखा गया है।
