वनखंडी में सड़क हादसा, 12 लोग घायल

ऊना। क्षेत्र के गांव पंडोगा में श्रद्धालुओं से भरी एक ट्रैक्टर ट्राली की स्कूटर से टक्कर हो गई। इस हादसे में एक महिला, दो बच्चे सहित 12 लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गए। उन्हें घायलावस्था में क्षेत्रीय अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों की देखरेख में घायलों का इलाज चल रहा है। सड़क हादसे में स्कूटर पर सवार एक ही परिवार के चार लोग जख्मी हुए हैं। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंच कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार पंडोगा में वीरवार देर सायं पंजाब से पीरनिगाह जा रहे ट्रैक्टर ट्राली की अचानक ब्रेक फेल होने के चलते वह सामने से आ रहे स्कूटर से जा टकराई और अनियंत्रित होकर एक सड़क किनारे स्थित एक पहाड़ी से जा टकराई। इस अचानक हुए हादसे में स्कूटर एवं ट्राली भी क्षतिग्रस्त हो गई है। दुर्घटना में ट्राली में सवार आठ लोगों को चोटें आई हैं, जबकि स्कूटर पर सवार दंपति और उनके दो बच्चे भी बुरी तरह घायल हुए हैं। घायलों को उपचार के लिए रोगी वाहन 108 की सहायता से क्षेत्रीय अस्पताल में लाया गया।
घायलों में ट्राली में सवार चालक जगदीश पुत्र सुख चैन, हरजीत पुत्र बलवीर, रजत कुमार पुत्र राम कुमार, कुलवंत पुत्र जगत सिंह, बलविंद्र सिंह पुत्र सरदारा सिंह, महिंद्र सिंह पुत्र अमरीक सिंह, बलविंद्र पुत्र करतार सिंह निवासी बस्सी उमरखान जिला होशियापुर और स्कूटर पर सवारों कुलविंद्र सिंह पुत्र हरभजन सिंह, नीतू पत्नी कुलविंद्र सिंह और उनके दो बच्चे ढाई वर्षीय राजवीर एवं 5 वर्षीय एश्लीन शामिल हैं। ट्राली में सवार सभी श्रद्धालु पीरनिगाह मंदिर में माथा टेकने जा रहे थे और स्कूटर पर सवार एक परिवार पीरनिगाह मंदिर से माथा टेक कर वापस आ रहा था। एसपी ऊना केसी शर्मा ने बताया कि पुलिस ने इस संदर्भ में मामला दर्ज कर जांच आरंभ कर दी है।

Related posts