वनखंडी में युवक का शव मिलने से सनसनी

पंजावर (ऊना)। हिमाचल और पंजाब के बार्डर पर वनखंडी में एक युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई है। हरोली थाना के अधीन पंडोगा पुलिस ने सूचना के बाद मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में ले लिया है। जहां शव मिला है, वहां से करीब 150 मीटर दूर वन महकमे का एक विश्राम गृह भी है। इस विश्राम गृह में बिजली की व्यवस्था न होने के बावजूद पंजाब और हिमाचल के कई लोग यहां आते हैं। मृतक की अभी तक शिनाख्त नहीं हुई है।
पुलिस ऊना के क्षेत्रीय अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम कराएगी। देखने से लग रहा है कि शव करीब 20 घंटों से पड़ा हुआ है। पुलिस के अनुसार युवक की उम्र करीब 30 वर्ष है। ऐसा प्रतीत हो रहा है कि युवक पंजाब राज्य का हो सकता है। लाश होशियारपुर मार्ग पर नीचे की ओर पहाड़ी में फंसी हुई थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर छानबीन शुरू कर दी है। डीएसपी हेडक्वार्टर सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि युवक ने हल्के नीले रंग का ट्रैक सूट, सफेद रंग की वुडलैंड की टी शर्ट, काले रंग का स्वेटर पहन रखी है। उसके पांव में जुराबें थीं, लेकिन जूते गायब हैं। इस बिंदु पर भी पुलिस जांच को कें द्रित किए हुए है कि कहीं यह युवक रात को रेस्ट हाउस में तो नहीं रुका हुआ था। डीएसपी ने कहा कि रेस्ट हाउस में तैनात कर्मियों से भी पुलिस पूछताछ करेगी। उन्होंने कहा कि पंजाब पुलिस को भी घटना के संदर्भ में सूचित किया गया है। हिमाचल के थाना चौकियों को भी उसकी तस्वीरें प्रेषित की गई हैं।

यहीं मिली थी नकली लाश
बीते वर्ष अगस्त माह में इसी जगह पर कुछ शरारती तत्वों ने एक नकली लाश सड़क पर रखकर सनसनी फैला दी थी। घासफूस और कपड़ों को जोड़कर शातिरों ने इसे मानव शरीर के आकार में ढाल दिया था। इसके बाद इसे एक पुराने कंबल में लपेटकर सड़क के बीचोंबीच रख दिया था। इस घटना ने भी पुलिस को खूब दौड़ाया था।

Related posts