
कोटखाई (शिमला)। यहां हाटकोटी सड़क मार्ग पर ल्हासा आने से इंजीनियरिंग के आठ छात्र और छात्राएं इसकी चपेट में आ गए। जिससे चंबा के एक छात्र की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि अन्य छात्रों को गंभीर चोटें आई हैं, जिनका उपचार कोटखाई अस्पताल में किया गया। वहीं ल्हासा गिरने से हाटकोटी ठियोग मार्ग भी बंद हो गया है। मिली जानकारी के अनुसार शुक्रवार शाम के समय ठियोग हाटकोटी रोड पर इंजीनियरिंग कालेज के छात्र पैदल चल रहे थे। इसी दौरान ऊपर से ल्हासा आ गिरा। इसमें एक की मौके पर ही मौत हो गई। मरने वाले छात्र की पहचान सुमित पुत्र गोविंद कुमार गांव गोल्डी जिला चंबा के रूप में हुई है। जबकि इसके अलावा रिचा तेजपाल निवासी संतोष गढ़ ऊना, कुमारी प्रतिभा निवासी जोड़ना, पुष्पइंद्र निवासी सरकाघाट, शिवानी, रामू निवासी नेपाल सहित सात घायल हुए हैं। जिसमें से चार छात्रों को आईजीएससी शिमला के लिए रेफर कर दिया गया है।
इधर,घटना की सूचना मिलते ही तहसीलदार कोटखाई देविंद्र काल्टा मौके पर पहुंचे और घायलों को पांच-पांच हजार रूपये फौरी राहत के रूप में दिए। जबकि मृतक के परिजनों को दस हजार रुपये की फौरी राहत जारी की गई है।
इधर,कोटखाई थाना प्रभारी गोरी दत्त शर्मा ने बताया की हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि दूसरी ओर क्यारी से कोटखाई आ रही एक सूमो भी इसकी चपेट में आ गई है। लेकिन चालक ने गाड़ी से छलांग लगाकर अपना बचा ली है।
