ल्हासा गिरने से सुपर हाईवे बंद

लठियाणी (ऊना)। उपमंडल बंगाणा के लठियाणी बाजार से तीन किलोमीटर की दूरी पर कैंची मोड़ पर एक बड़ा ल्हासा गिरने से ऊना-भोटा-अघार सुपर हाईवे की आवाजाही बंद हो गई। ल्हासा सोमवार सुबह 11 बजे गिरा तथा सुपर हाईवे पर लठियाणी से लेकर बड़सर तक छोटे एवं बड़े हजारों वाहनों का जाम सड़क पर लग गया। चार घंटे बीत जाने के बाद भी स्टेट रोड प्रोजक्ट सहित लोनिवि के अधिकारियों ने मौके पर पहुंचने की जहमत नहीं उठाई। इससे जाम में फंसे यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। मूसलाधार बारिश होने के चलते जाम में फंसे यात्रियों को ल्हासे गिरने का भी खतरा सता रहा था। जाम के चलते ऊना जाने वाली गाड़ियां या तो बड़सर से शाहतलाई वाया बरछेटु होकर लठियाणी पहुंच रही थीं और कई वाहन वाया सोलहा सिंगीधार होकर बंगाणा पहुंचे। लगभग ढाई बजे पीडब्ल्यूडी बंगाणा के एक्सईएन डीएस दैहल टीम सहित मौके पर पहुंचे। जब इस बारे में उनसे बात की गई तो उन्होंने कहा कि सुपर हाईवे अभी निर्माणाधीन है तथा निजी कंपनी ने सुपर हाईवे को पीडब्ल्यूडी विभाग के पास ट्रांसफर नहीं करवाया है। बंगाणा उपमंडल के एसडीओ केएस चौधरी ने तीन बजे सिंगल गाड़ी के आने जाने की व्यवस्था ल्हासे वाली जगह में कर दी है। वहीं स्टेट प्रोजेक्ट आफिसर को इसके बारे में बता दिया गया है।

लोनिवि के अधीन है हाईवे : कुटलैहड़िया
उधर, लोनिवि के स्टेट रोड प्रोजेक्ट के अधिशांसी अभियंता एसएस कुटलैहडिया का कहना है कि कंपनी ने हाईवे का निर्माण कार्य एक वर्ष पूर्व खत्म कर दिया था और इसे लोक निर्माण विभाग के अधीन कर दिया गया है।

Related posts