
केलांग। मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के प्रस्तावित लाहौल दौरे के बीच जिला कांग्रेस कमेटी ने सोमवार को बैठक कर खाद्य सुरक्षा और भूमि हस्तांतरण बिल पर चरचा की। कांग्रेस के चुनाव प्रभारी भुवनेश्वर गौड़ ने बैठक में बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। बैठक में प्रस्ताव पारित कर आगामी लोकसभा चुनाव में मंडी संसदीय क्षेत्र से प्रतिभा सिंह को फिर से उम्मीदवार बनाए जाने की हाईकमान से सिफारिश की गई।
लाहौल घाटी में रेत और बजरी के खनन पर लगे प्रतिबंध को हटाने के लिए प्रदेश सरकार से अपील की गई। डीसीसी महासचिव आनंद कुमार ने बताया कि भुवनेश्वर गौड़ के नेतृत्व में यह निर्णय लिया गया है कि खाद्य सुरक्षा बिल के संबंध में गांव-गांव जाकर कार्यकर्ता प्रचार करेंगे। बैठक में पूर्व विधायक ठाकुर रघुवीर सिंह, जिला अध्यक्ष रपतन बौद्ध, महिला कांग्रेस अध्यक्ष शशि किरण, वरिष्ठ कांग्रेसी नेता संसार चंद शर्मा, पूर्व बीडीसी अध्यक्ष नोरबू थोलगपा, शाक्या बौद्ध, ओम प्रकाश, प्रेम लाल, धर्मपाल, जयराम, सुरेश कारदो, नवांग छेरिंग और अमर सिंह ठाकुर समेत कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।
