
कुल्लू। लोकसभा चुनाव को लेकर सभी राजनीतिक दलों ने अंदर खाते तैयारियां शुरू कर दी हैं। ऐसे में कांग्रेस हाईकमान ने प्रदेश के संसदीय क्षेत्रों में आबजर्वर भेजकर पार्टी कार्यकर्ताओं की नब्ज टटोलना शुरू कर दी है।
सोमवार को मंडी संसदीय क्षेत्र के आबजर्वर के तौर पर आए यूपी के विधायक विनोद चतुर्वेदी ने परिधि गृह में कुल्लू जिला कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारियों के साथ बैठकर फीड बैक लिया। साथ ही 2014 के लोस चुनाव को लेकर विचार विमर्श किया गया। बैठक में जिला कांग्रेस अध्यक्ष बुद्धि सिंह ठाकुर, महासचिव सुंदर सिंह ठाकुर, प्रवक्ता भुवनेश्वर गौड़, आनी, बंजार, कुल्लू तथा मनाली ब्लॉकों के अध्यक्षों, प्रदेश और जिला प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
आधा घंटे की इस बैठक में आबजर्वर एवं विधायक विनोद चतुर्वेदी ने कहा कि चुनाव में उसी प्रत्याशी को टिकट दिया जाएगा, जो सीट निकालने में सक्षम होगा। कार्यकर्ताओं का मत एक जैसा होगा। इसके साथ प्रदेश कांग्रेस पार्टी के महासचिव विनोद सुल्तानपुरी भी मौजूद रहे। जिला कांग्रेस अध्यक्ष बुद्धि सिंह ठाकुर ने बताया कि कार्यकर्ताओं को चुनाव के लिए अभी से जुट जाना होगा।
