लोस के लिए AAP ने बनाई स्पेशल कमेटी

लोकसभा चुनाव के लिए आम आदमी पार्टी ने दो सदस्यीय कमेटी का गठन किया है। कमेटी के सदस्य देशभर का दौरा करके चुनावी संभावनाओं की रणनीति तैयार करेंगे।

पार्टी ने लोकसभा चुनाव के लिए उम्मीदवारों की तलाश भी शुरू कर दी है। इच्छुक व्यक्ति पार्टी की वेबसाइट से फार्म डाउनलोड कर सकते हैं।

पार्टी के वरिष्ठ नेता योगेंद्र यादव ने बताया कि राजनीतिक मामलों की समिति (पीएसी) की एक सब-कमेटी का गठन किया गया है। इसमें संजय सिंह और पंकज गुप्ता शामिल हैं।

कमेटी पर लोकसभा चुनाव की रणनीति तैयार करने का जिम्मा है। इसके सदस्य देशभर का दौरा करके पार्टी के कार्यकर्ताओं से मुलाकात करेंगे और जमीनी स्तर पर तैयारियों का जायजा लेंगे।

कमेटी राज्यों व जिलों में पार्टी की मौजूदा स्थिति और ईमानदार प्रत्याशियों की पहचान करेगी। साथ ही, इन पर राजनीतिक व सामाजिक क्षेत्रों में काम करने वाली शख्सियतों को पार्टी से जोड़ने की जिम्मेदारी संभालेंगे।

संजय सिंह ने बताया कि अभी इस बारे में कुछ खास नहीं बताया जा सकता कि पार्टी कितनी सीटों से चुनाव लड़ने जा रही है। फिलहाल, हमारी नजर उन 309 जिलों में है, जहां पार्टी की स्थानीय इकाइयां काम कर रही हैं।

उन्होंने उम्मीद जताई कि देशभर का दौरा करने के बाद तस्वीर साफ हो सकेगी। इसमें दो महीने का समय लग सकता है।

आवेदन प्रक्रिया शुरू
पार्टी ने लोकसभा चुनाव के लिए उम्मीदवारी की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इच्छुक व्यक्ति पार्टी की अधिकारिक वेबसाइट या पार्टी मुख्यालय से फार्म ले सकता है। संजय सिंह ने बताया कि फिलहाल वेबसाइट पर फार्म उपलब्ध है।

इसे भरकर ई-मेल या पोस्ट ऑफिस के जरिये पार्टी मुख्यालय पहुंचाया जा सकता है। खास बात यह कि फार्म भरने के लिए संबंधित संसदीय क्षेत्र में आने वाली प्रत्येक विधानसभा से सौ प्रस्तावकों के दस्तखत जरूरी होंगे।

अगले कुछ दिनों में ऑनलाइन फार्म भरने का इंतजाम भी वेबसाइट पर किया जाएगा।

Related posts