
केलांग। जिला लाहौल-स्पीति के काजा उपमंडल से जनजातीय सलाहकार परिषद सदस्य एवं पूर्व जिला परिषद अध्यक्ष गटुग आंगमों, सलाहकार परिषद सदस्य सोहन सिंह और दोरजे छोपेल के अलावा स्पीति ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष राम कुमार ने भी अतिरिक्त उपायुक्त काजा के माध्यम से सामान्य प्रशासन शिमला को पत्र भेज कर लोसर हेलीपैड के लिए हेलिकॉप्टर की उड़ानें शुरू करने की मांग की है। स्पीति ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष राम कुमार ने कहा कि काजा से लोसर के बीच अभी तक बर्फ के कारण सड़क मार्ग नहीं खुल पाया है। इसके चलते लोसर आने-जाने वाले जरूरतमंद लोगों को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में उन्होंने पत्र के माध्यम से जीएडी से लोसर हेलीपैड के लिए हेलिकॉप्टर उड़ान की सुविधा उपलब्ध करवाने का आग्रह किया है। इसके अलावा उपरोक्त परिषद के सदस्यों ने लाहौल-स्पीति के विधायक एवं राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रवि ठाकुर से भी इस मामले को हिमाचल प्रदेश के मुख्य सचिव के समक्ष उठाने की मांग की है।
