
ऊना। जिला मुख्यालय से सटी रक्कड़ कालोनी में शुक्रवार शाम लोक निर्माण विभाग में कार्यरत कर्मचारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। जानकारी के मुताबिक ऊना से बस के जरिए रक्कड़ पहुंचा कर्मचारी बस से उतर कर पैदल घर की ओर जा रहा था। इसी दौरान वह जमीन पर गिर पड़ा और उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने शव को कब्जे में ले लिया है। पुलिस ने मामले के संदर्भ में एफआईआर दर्ज कर छानबीन आरंभ कर दी है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के मुताबिक ऊना स्थित लोक निर्माण विभाग के ऊना स्थित कार्यालय में क्लर्क के पद पर कार्यरत सार्थ एलेग्जेंडर रोजमर्रा की भांति शुक्रवार को भी कार्यालय से छुट्टी होने के बाद रक्कड़ स्थित अपने निवास के लिए निकला। ऊना से बस पकड़ कर वह रक्कड़ पहुंचा, जहां बस स्टॉप पर उतरने के बाद कुछ ही दूरी पर स्थित अपने घर के लिए पैदल ही निकल पड़ा। कुछ कदम चलने के बाद वह जमीन पर गिर पड़ा। स्थानीय लोगों ने उसे तुरंत उठाया, लेकिन वह अचेत हो चुका था। एलेग्जेंडर को फौरन क्षेत्रीय अस्पताल ऊना पहुंचाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। एसपी रविंद्र शर्मा ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही कर्मचारी की मौत के कारणों का पता चल पाएगा। मामले की छानबीन आरंभ कर दी गई है।
