
ऊना। अखिल भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस का सचिव बनने के बाद पहली बार ऊना पहुंचे मुख्य संसदीय सचिव राकेश कालिया ने कहा कि गगरेट के लोगों को विस्थापित करने की दशा में उन्हें सेज (स्पेशल एरिया जोन) कतई मंजूर नहीं है। पत्रकार वार्ता में उन्होंने कहा कि लोगों की 20 बस्तियों को उजाड़ कर यदि एक फैक्टरी लगाई जाती है तो वह उसका विरोध करेंगे। वह विकास के खिलाफ कतई नहीं हैं लेकिन अपने लोगों को उजड़ने नहीं देंगे।
भाजपा ने 2014 में होने वाले आम चुनाव के लिए नरेंद्र मोदी को चुनाव प्रचार समिति का अध्यक्ष बनाकर कांग्रेस की जीत का रास्ता साफ कर दिया है। मोदी की ताजपोशी होते ही एनडीए का गठबंधन टूट गया है। इससे यूपीए की राह और भी आसान हो गई है।
दावा किया कि मंडी उप चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी प्रतिभा सिंह लगभग एक लाख वोटों से जीत दर्ज करेंगी। हमीरपुर संसदीय क्षेत्र से कांग्रेस हाईकमान जिसे चाहेगी, उसे चुनाव लड़ना होगा। राकेश कालिया ने अपनी नियुक्ति के लिए कांग्रेस के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राहुल गांधी का विशेष रूप से आभार जताया। वह कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के भी आभारी हैं।
इस मौके पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष वीरेंद्र धर्माणी, जिला सचिव सतपाल रायजादा, पूर्व जिलाध्यक्ष अविनाश कपिला, वरिष्ठ कांग्रेस नेता अजय जागोता, अनुज विश्वमित्र, अशोक ओहरी, संजीव ओहरी, पप्पी ओहरी और संजीव नकई भी उपस्थित रहे।
