लोगों का दर्द नहीं समझ रही सरकार : सूरत

रामपुर बुशहर। किन्नौर जिला भाजपा के पूर्व अध्यक्ष सूरत नेगी ने जिले में चल रहे राहत एवं बचाव कार्य पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि हेलीकॉप्टर सेवा सिर्फ पर्यटकों को उपलब्ध करवाई जा रही है, जबकि लोकल लोगों को भी तवज्जो देना आवश्यक है। आरोप लगाया कि जिले के जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अफसर स्थानीय लोगों के दुख दर्द को समझ नहीं रहे हैं।
रामपुर में पत्रकारों से बातचीत करते हुए पूर्व अध्यक्ष ने कहा कि लियो, नमझा और खाब आदि क्षेत्रों में मटर की फसल बिल्कुल तैयार हो चुकी है, लेकिन सड़कें बंद होने से फसल को मंडी तक पहुंचना मुश्किल है। पूर्व भाजपा सरकार ने अपने कार्यकाल में मटर हेलीकॉप्टर में रामपुर पहुंचाया था और ऐसा ही इस सरकार को करना चाहिए। मटर को हेलीकॉप्टर में लेना जाना तो दूर, स्थानीय लोगों को भी हेलीकॉप्टर में ले जाने को प्राथमिकता नहीं दी जा रही है। जिले के हुरी और ख्वांटा में बारिश से कई मकान असुरक्षित हो गए हैं और लोगों को स्कूलों समेत अपने रिश्तेदारों के यहां रहना पड़ रहा है। इन लोगों की सुध नहीं ली जा रही है। टापरी और चगांव में कई लोगों की मौत हुई और कइयों के घर बर्बाद हुए, लेकिन यहां भी लोगों को उचित राहत नहीं मिल पाई है। हांगरंग वैली में लोगों की सैकड़ों में भेड़ बकरियां फंसी हैं। इनको सुरक्षित बचाने के लिए कोई प्रयास नहीं किए जा रहे हैं। प्रेसवार्ता में संजीव नेगी, छेवांग नेगी और जयपाल नेगी मौजूद थे।

Related posts