
नई दिल्ली: लोकसभा में पाकिस्तान की नैशनल असेंबली में पारित भारत विरोधी प्रस्ताव के विरोध में निंदा प्रस्ताव लाया जाएगा। इसे सर्वसम्मति से पास किया जाएगा। स्पीकर मीरा कुमार निंदा प्रस्ताव पढ़ेंगी। बुधवार को सदन की कार्यवाही शुरू होने के बाद मीरा कुमार ने यह जानकारी दी।
बतां दें कि, पाकिस्तानी संसद में भारत के खिलाफ प्रस्ताव में एलओसी पर सीजफायर उल्लंघन को लेकर भारत की निंदा की गई है। पाकिस्तान की नेशनल असेंबली में एक प्रस्ताव पारित कर भारतीय सैनिकों पर बिना किसी उकसावे के सीमा पर गोलीबारी का आरोप लगाया है। सत्तारूढ़ पीएमएल-एन के वरिष्ठ नेता और विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्री जाहिद हमीद ने प्रस्ताव पेश किया था।
प्रस्ताव में कहा गया है, ‘सदन जोर देकर यह कहता है कि पाकिस्तान अपने पड़ोसियों के साथ शांति के लिए काम करने के साथ ही अपनी संप्रभुता, क्षेत्रीय अखंडता तथा राष्ट्रीय हितों की रक्षा करने को प्रतिबद्ध है।’ इसमें कहा गया, ‘पाकिस्तान अपने बहादुर सुरक्षा बलों को सलाम करता है तथा उन्हें इस मकसद को हासिल करने में पूरे सहयोग का भरोसा दिलाता है।’ पिछले महीने जम्मू-कश्मीर में नियंत्रण रेखा से लगे इलाकों में हुई गोलीबारी की घटना के बाद दोनों देशों के बीच तनाव की स्थिति पैदा हुई। भारत ने नियंत्रण रेखा पर अपने पांच सैनिकों की हत्या के लिए पाकिस्तानी सेना को जिम्मेदार ठहराया है। पाकिस्तान ने भारत के आरोप से इनकार किया है। दिल्ली में पाकिस्तान एयरलांइस पर हुए हमले की भी निंदा की गई।
