
बिलासपुर/ घुमारवीं। लोकसभा चुनाव के मद्देनजर निर्वाचन आयोग ने कमर कस ली है। मतदान प्रक्रिया से अवगत करवाने के लिए बिलासपुर में मंगलवार को पहले चरण की रिहर्सल की। किसान भवन में आयोजित इस रिहर्सल में चुनाव के लिए तैनात 302 पीठासीन एवं सहायक पीठासीन अधिकारियों ने भाग लिया। इनमें 145 पीठासीन एवं 157 सहायक पीठासीन अधिकारी थे। इसके अलावा घुमारवीं में भी इसी तरह की रिहर्सल का आयोजन हुआ। इसमें 112 पीठासीन अधिकारी 114 सहायक पीठासीन अधिकारियों ने भाग लिया।
प्रथम चरण की इस रिहर्सल में इलेक्ट्रानिंग वोटिंग मशीन के माध्यम से वोटिंग प्रक्रिया के बारे में जानकारी दी गई। सहायक रिटर्निंग अधिकारी (एसडीएम) डा. एमएल मेहता ने सभी पीठासीन व सहायक पीठासीन अधिकारियाें का आह्वान किया कि वे चुनाव आयोग के निर्देशाें की अनुपालना करते हुए चुनाव को सुचारु रूप से करवाने में अपना सहयोग दें। इस दौरान चुनाव अधिकारियों से सभी नियम व कानूनों के बारे में अवगत करवाया गया। पीठासीन अधिकारियों को उनको वोटिंग अधिकार के लिए इलेक्शन ड्यूटी सर्टिफिकेट तथा पोस्टल बैलेट पेपर के लिए फार्म-12 तथा फार्म-12ए भी भरवाए गए। इस दौरान ईवीएम के प्रशिक्षार्थ 17 मास्टर ट्रेनर सहित 20 कर्मचारी पोलिंग अधिकारियों के सहायतार्थ प्रतिनियुक्त थे। तहसीलदार निर्वाचन राजेंद्र शर्मा सहित निर्वाचन कानूनगो नरेश कुमार द्वारा भी प्रशिक्षण दिया गया।
डा. मेहता ने सभी मतदाताओं से अपील की है कि वे लोकसभा के महाकुंभ में बढ़-चढ़ कर हिस्सा लें। उधर, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला (छात्र) घुमारवीं में भी में भी इसी तरह की चुनाव रिहर्सल सहायक रिटर्निंग अधिकारी (एसडीएम) राजीव कुमार की अध्यक्षता में करवाई गई। इसमें 112 पीठासीन अधिकारी 114 सहायक पीठासीन अधिकारियों को प्रथम चरण का प्रशिक्षण दिया गया। सहायक रिटर्निंग अधिकारी (एसडीएम) राजीव कुमार ने सभी पीठासीन व सहायक पीठासीन अधिकारियाें का आह्वान किया कि वे चुनाव आयोग के निर्देशाें की कड़ाई से अनुपालना करते हुए चुनाव को सही ढंग से करवाने में अपना सहयोग दें। इस दौरान ईवीएम के प्रशिक्षार्थ 10 मास्टर ट्रेनर सहित नौ सेक्टर अधिकारी भी मौजूद थे। नायब तहसीलदार निर्वाचन उषा चौहान सहित निर्वाचन कानूनगो रमेश व विजय द्वारा प्रशिक्षण दिया गया।
