लोकतंत्र में ताकत होती है : अनुराग

सुजानपुर (हमीरपुर)। भाजयुमो के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं सांसद अनुराग ठाकुर ने कहा कि लोकतंत्र में ताकत होती है। इमरजेंसी का बदला लेने के लिए इंदिरा गांधी कुछ नहीं कर पाईं तो तानाशाही रवैया अपना रहे वीरभद्र सिंह क्या चीज हैं? सुजानपुर में पत्रकार वार्ता में भाजपा सांसद अनुराग ने कांग्रेस सरकार की ओर से क्रिकेट स्टेडियमों पर कब्जा करने की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह क्रिकेट की बीस गज पिच भी तैयार नहीं करवा सके हैं। यही स्थिति प्रदेशाध्यक्ष सुखविंद्र सिंह की है। अनुराग ने उस बयान की भी कड़ी निंदा की, जिसमें वीरभद्र सिंह ने बेटों की बजाय बाप से प्रश्न पूछने पर उत्तर देने की बात कही। अनुराग ने कहा कि हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के लाखों लोगों ने उन्हें चुना है। उनके साथ पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता सवाल पूछ सकता है कि वकामुल्ला चंद्रशेखर से तीन करोड़ 90 लाख क्यों लिए? क्या प्रदेश में बैंक नहीं थे? साथ ही उनके खाते में करोड़ों रुपए की राशि पड़ी हुई है। उन्होंने वीरभद्र सिंह को चेताया कि जो लोग भाजपा से चले गए थे, वह वापस आ रहे हैं। देश की जनता नरेंद्र मोदी को प्रधानमंत्री के रूप में देखना चाहती है। मुख्यमंत्री को काले झंडे दिखाने के मामले पर कहा कि काले कारनामे करने वालों को काले झंडे ही दिखाए जाते हैं। प्रदेशाध्यक्ष सुखविंद्र सिंह को आड़े हाथ लेते हुए कहा कि उनके क्षेत्र में पांच करोड़ रुपये की लागत से स्टेडियम तैयार किया गया है। हमेशा प्रदेश हित और बड़े दिल की बात करते हैं, लेकिन शायद सुक्खू क्षेत्र के दौरे पर कम रहते हैं, इसलिए उन्हें जानकारी नहीं है। उनके साथ मंडलाध्यक्ष राकेश ठाकुर, महामंत्री अंकुश गुप्ता, पूर्व पार्षद श्रवण कुमार, मनोज, बबली महाजन, पुरुषोत्तम चौधरी आदि मौजूद रहे।

Related posts