
ऊना। इंदिरा स्टेडियम में रविवार को जिला स्तरीय युवा उत्सव की धूम रही। इसका आयोजन युवा सेवाएं एवं खेल विभाग ऊना ने किया। इस मौके पर जिले के पांचों खंडों हरोली, ऊना, गगरेट, बंगाणा और अंब के 250 प्रतिभागियों ने विभिन्न स्पर्धाओं में भाग लिया। उत्सव का श्रीगणेश जिला युवा सेवाएं एवं खेल अधिकारी ईश्वर चौधरी ने किया।
इस दौरान करवाई गई प्रतियोगिताओं के तहत लोकगीत में गवर्नमेंट कालेज ऊना ने पहला, हंस वाहिनी युवा मंच ऊना ने दूसरा तथा धौलाधार सीनियर सेकेंडरी स्कूल भरवाईं ने तृतीय स्थान हासिल किया। लोकनृत्य में जूपिटर महाविद्यालय मैड़ी ने पहला, मवां कोहलां व संतोषगढ़ ने दूसरा तथा शांति इंटरनेशनल स्कूल नकड़ोह ने तीसरा स्थान हासिल किया। हारमोनियम वादन में अंब से संजय ने पहला, ऊना से पवन ने द्वितीय तथा गगरेट से राजेन्द्रा ने तीसरा स्थान अर्जित किया है। तबला वादन में ऊना से राजा ने पहला, अंब से अंकुर ने दूसरा स्थान पाया। क्लासिकल वोकल में ऊना से पवन ने पहला व ऊना से ही बृज मोहन ने दूसरा स्थान पाया।
ईश्वर चौधरी ने अपने संबोधन में कहा कि युवाओं को इस सांस्कृतिक कार्यक्रम में बढ़ चढ़कर हिस्सा लेना चाहिए, तभी जिले के प्रतिभागियों में से बेहतर प्रतिभा का प्रदर्शन सामने आएगा और राज्य स्तरीय व राष्ट्रीय स्तर पर सांस्कृतिक स्पर्धाओं में जिला ऊना का नाम भी आएगा। युवा उत्सव के समापन पर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एडवोकेट वीरेंद्र धर्माणी ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। इस मौके पर उनके साथ प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य एवं जिला महासचिव सतपाल रायजादा, ब्लाक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष हजारी लाल धीमान, वरुण पुरी, पवन सैनी, गौरव, झलेड़ा के उपप्रधान जसवीर सिंह, सहित कई अन्य गण्यमान्य लोग मौजूद थे। धर्माणी ने कहा है कि समय-समय पर इस तरह के कार्यक्रम हर ब्लाक में आयोजित किए जाने चाहिए। मौके पर युवा संयोजक अनिल अवस्थी, विभाग के वरिष्ठ प्रशिक्षक कांता पराशर, कुलदीप शर्मा, भागीरथ चौधरी, रणजीत सिंह अटवाल, तेजा सिंह, मोहन लाल, सुशील कुमार, मनोहर लाल सहित कई अन्य गणमान्य लोग भी उपस्थित थे।
