लेहगला में डेढ़ किलो चरस सहित दो दबोचे

गोहर (मंडी)। जंजैहली घाटी के लेहगला में पुलिस ने बुधवार रात डेढ़ किलो चरस सहित दो युवकों को गिरफ्तार किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार गोहर थाना पुलिस ने नाके के दौरान डेढ़ किलो चरस के साथ दो युवकों को पकड़ने में सफलता हासिल की है। आरोपी की पहचान निर्मल सिंह निवासी घाट और धनदेव सिंह निवासी घीयार तहसील थुनाग के रूप में हुई है। लेहगला में बुधवार देर सायं पुलिस ने सब इंस्पेक्टर निर्मल सिंह के नेतृत्व में नाका लगाया हुआ था। शिकावरी सड़क की ओर से अंधेरे में दो युवक जैसे ही पुलिस के सामने पहुंचे तो दोनाें पीछे की ओर भागने का प्रयास करने लगे। पुलिस टीम ने तुरंत दोनों युवकों को धर दबोचा। निर्मल सिंह के पास कैरी बैग था, जिसकी तलाशी करने पर पुलिस को सात सौ ग्राम चरस बरामद हुई। दूसरे युवक धनदेव ने पिट्ठू बैग उठाया हुआ था, जिसकी तलाशी करने पर पुलिस को आठ सौ ग्राम चरस बरामद हुई। पुलिस ने चरस की खेप सहित दोनों तस्करों को हिरासत में लेकर मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। सब इंस्पेक्टर निर्मल सिंह ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि दोनों युवकों ने चरस खुद तैयार की थी तथा इसे बेचने के लिए दोनों घर से निकले थे। सब इंस्पेक्टर ने बताया कि क्षेत्र में चरस तैयार करने वाले लोगों पर पुलिस की कड़ी नजर है। उन्होंने बताया कि किसी भी सूरत में चरस तस्करों को बख्शा नहीं जाएगा। एसएचओ गोहर नवीन झालटा ने बताया कि चरस तस्करों को कोर्ट में पेश करने की प्रक्रिया चल रही है। क्षेत्र में चरस तस्करों के सक्रिय होने से पुलिस भी अब सतर्क हो गई है।

Related posts