लेटलतीफ ठेकेदार को 1.54 लाख जुर्माना

भल्याणी (कुल्लू)। काम में लापरवाही तथा लेटलतीफी के चलते आईपीएच विभाग ने ठेकेदार को 1.54 लाख रुपये का जुर्माना किया है। ठेकेदार की ओर से लुणापानी-सुमारोप पेयजल योजना के कार्य में कोताही बरतने पर यह कार्रवाई की गई है। विभाग ने योजना में कार्य कर रहे ठेकेदार का टेंडर भी रद कर दिया है। लगघाटी के सुमारोपा गांव को स्वीकृत लुणापानी-सुमारोपा पेयजल योजना तीन वर्षों से अधर में लटकी है। योजना का कार्य समय पर पूरा न होने के कारण क्षेत्रवासी पानी की बूंद-बूंद को तरस गए हैं।
सुमारोपा निवासी बलबीर सिंह, पूर्व प्रधान डूघीलग पंचायत हिरदे राम, नानक चंद, खुशहाल चंद, हीरानंद ने कहा कि यहां पानी की काफी किल्लत है। ग्रामीणों को मजबूरन मीलों पैदल चलकर सरवरी खड्ड का पानी पीना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने विभाग से तीन वर्ष पूर्व शुरू की गई इस पेयजल योजना को गति देने की मांग की है। विभाग के अतिरिक्त अधिशाषी अभियंता सतीश कुमार पठानिया ने विभाग की ओर से ठेकेदार पर जुर्माना तथा टेंडर रद करने की पुष्टि की है। पठानिया ने बताया कि लापरवाह तथा कार्य में लेटलतीफी बरतने वाले ठेेकेदाराें को बख्शा नहीं जाएगा। लुणापाणी-सुमारोपा पेयजल योजना का काम ठेकेदार की वजह से लटका है, जल्द ही विभाग इस पेयजल योजना के टेंडर करवाकर काम शुरू करेगा।

Related posts