लुथान में पशुशाला राख

नादौन(हमीरपुर)। उपमंडलमंडल नादौन के साथ सटे लुथान गांव में गत रात्रि एक पशुशाला आग की भेंट चढ़ गई है। इससे करीब 50 हजार रुपये का नुकसान हुआ है। पशुशाला में रखा चारा आदि भी जलकर राख हो गया है।
पशुशाला के मालिक रत्न चंद पुत्र नानक चंद निवासी लुथान ने बताया कि सोमवार रात को उसे पता चला कि पशुशाला में आग लगी हुई है। आग देखकर उसने शोर मचाया लेकिन आग की लपटें इतनी तेज थी कि देखते ही देखते पशुशाला राख हो गई। घटना के समय पशुओं को गर्मी अधिक होने के कारण पशुशाला के आंगन में बांधा गया था। अगर पशु पशुशाला के बाहर न होते तो कोई भी बड़ा हादसा हो सकता था। उधर, पंचायत प्रधान सरोज कुमारी, पूर्व प्रधान जगत राम शर्मा सहित ग्रामीणों का कहना है कि रत्न चंद दलित वर्ग से संबंधित अति गरीब परिवार से है। प्रशासन इस परिवार को शीघ्र राहत राशि प्रदान करें। उधर एसडीएम देहरा, विनय कुमार ने कहा कि मौके का जायजा लेने के लिए अधिकारियों को भेजा गया है। जायजा लेकर शीघ्र ही राहत राशि दी जाएगी।

Related posts