लिस्ट नजरअंदाज, मनमर्जी हावी

चंडीगढ़: पंजाब यूनिवर्सिटी के नियमों की स्टूडैंट सैंटर पर स्थित दुकानों में धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। दुकानों पर खाने के दाम मनमर्जी से वसूले जा रहे हैं। पी.यू. प्रशासन द्वारा जारी रेट लिस्ट को यहां पर नजरअंदाज किया जा रहा है। वहीं पी.यू प्रशासन चुप्पी साधे हुए है। इनसो ने इसके खिलाफ आवाज उठाई है।

इनसो के सदस्यों ने वी.सी., डी.एस.डब्ल्यू. तथा डायटिशियन को स्टूडैंट सैंटर पर बनी दुकानों का दौरा भी कराया। दुकानदारों पर डी.एस.डब्ल्यू. ने जुर्माना भी लगाया। पी.यू. ने इन दुकानदारों को सबसिडी के तौर पर गैस सिलैंडर व जगह उपल्बध करवाई है। उसके बावजूद स्टूडैंट्स से जो खाने के दाम वसूले जा रहे हैं वह आम दुकानों के रेटों से भी अधिक है।

अलाटमैंट में कुछ सर्व हो रहा कुछ

स्टूडैंट सैंटर पर स्थित सभी दुकानों को अलाट करने से पहले पी.यू. प्रशासन कुछ शर्तें रखता है। जिसमें यह निर्धारित होता है कि किस दुकान पर कितनी तरह के खाद्य पद्धार्थ रखे जाएंगे और उनका दाम कितना होगा। इन शर्तों पर ही दुकानदारों को खरा उतरना पड़ता है पर ऐसा नहीं हो रहा, हर दुकानदार अपने ही बनाए शर्तों व नियमों पर ही चल रहा है। दुकानों पर वह खाना भी परोसा जा रहा है जिसके लिए पी.यू. द्वारा अनुमति ही नहीं दी गई।

इनसोके चेयरमैन डॉ. जगदीप का कहना है कि समस्या को लेकर पी.यू. के उच्चाधिकारियों से बात कर इसका हल निकलवाने की कोशिश कर रहे हैं। इसे लेकर वी.सी.,डी.एस.डब्ल्यू. तथा डायटिशियन से बात की और उन्होंने वहां का दौरा भी किया।

पी.यू के डी.एस.डब्ल्यू. नवदीप गोयल का कहना है कि यह बात नोटिस में आई है। इसको लेकर जल्द ही वी.सी. और स्टूडैंट्स के साथ मीटिंग बुलाई जाएगी।

Related posts