
केलांग। जिला क्रिकेट एसोसिएशन को चुनौती देते हुए लाहौल-स्पीति में एक और समानांतर संघ खड़ा हो गया है। नई एसोसिएशन ने बाकायदा कार्यकारी पदाधिकारियों को नियुक्ति करते हुए इसकी सूची प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष अनुराग ठाकुर को भेज दी है। नए संघ का दावा है कि जिले के लगभग 25 यूथ क्लबों ने उनके संघ को लिखित में समर्थन दिया है।
मौजूदा संघ को किसी भी क्लब का समर्थन हासिल नहीं है। नए संघ के कार्यकारी अध्यक्ष सुरेंद्र ठाकुर और महासचिव किशन राणा ने यह भी दावा किया कि हिमाचल क्रिकेट एसोसिएशन ने उनके संघ को मान्यता देने का भरोसा दिलाया है। उन्होंने कहा कि मौजूदा क्रिकेट संघ पिछले करीब पच्चीस साल से मनाली में बैठकर लाहौल-स्पीति क्रिकेट संघ का संचालन कर रहा है। मौजूदा क्रिकेट संघ की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि बिना चुनाव करवाए मौजूदा संघ के पदाधिकारी बारी-बारी कभी अध्यक्ष तो कभी महासचिव बनते आ रहे हैं।
दोनों ने दावा किया कि उन्हाेंने संघ में जिले के सभी क्षेत्रों से संबंध रखने वाले लोगों को मौका दिया है। लाहौल के करीब पच्चीस यूथ क्लबों का उन्हें समर्थन मिला है। राणा ने कहा कि प्रदेश क्रिकेट संघ ने जल्द ही उनके संघ को मान्यता देने का भरोसा दिया है। संघ के पदाधिकारी जल्द की प्रदेश क्रिकेट संघ के अध्यक्ष अनुराग ठाकुर से मिलेंगे।
—
मौजूदा क्रिकेट संघ के अध्यक्ष गौतम ठाकुर ने कहा कि वे लंबे समय से संघ चला रहे हैं। 50 क्लबों का उन्हें समर्थन प्राप्त है। संघ का बाकायदा पंजीकरण है। दूसरा संघ जो खड़ा हुआ है, राजनीति से प्रेरित है। उनके संघ को इससे फर्क नहीं पड़ता है।
