
केलांग। लाहौल स्पीति क्रिकेट संघ को लेकर छिड़ी जंग थमने का नाम नहीं ले रही। मौजूदा क्रिकेट संघ 10 जून से जिला में क्रिकेट प्रतियोगिता करवाना जा रहा है लेकिन नए क्रिकेट संघ ने दावा किया है कि जिला के 50 यूथ क्लबों के खिलाड़ी इस प्रतियोगिता का बहिष्कार करेंगे।
नए क्रिकेट संघ के अध्यक्ष सुरेंद्र ठाकुर और महासचिव किशन राणा ने कहा है कि जिला के अस्सी फीसदी यूथ क्लबों का उनको समर्थन मिला है। ऐसे में 10 जून को प्रस्तावित जिला स्तरीय क्रिकेट प्रतियोगिता का यूथ क्लब बहिष्कार करेंगे। सुरेंद्र ठाकुर ने कहा कि मौजूदा क्रिकेट संघ को 23 साल बाद घाटी के आराध्य देव राजा घेपन याद आए हैं। संघ अपने वजूद को खतरे में देख अब देवता के नाम को क्रिकेट की राजनीति में घसीटने का प्रयास कर रहा है। सुरेंद्र ने मौजूदा क्रिकेट संघ से सवाल किए कि पिछले 23 सालों से संघ ने जिला स्तरीय प्रतियोगिता क्यों नहीं करवाई।
अब जब कि घाटी के अधिकांश यूथ क्लब नए संघ को अपना समर्थन दे रहे हैं ऐसे में प्रतियोगिता की घोषणा की जा रही है। सुरेंद्र ठाकुर और किशन राणा ने आरोप लगाया कि इससे पूर्व मौजूदा क्रिकेट संघ चार गेंदों के प्रदर्शन पर ही खिलाड़ियों की टीम का चयन करती आ रही है।
वहीं यूथ क्लबों में तिंदी से वेद प्रकाश, उदयपुर से राजू ठाकुर, मयाड़ से दलीप, त्रिलोकनाथ से सुरेंद्र ठाकुर, सिंदवाडी से बालकृष्ण, थिरोट से रंजीत, नरेश, चौखंग से सुशील, गोहरमा से राजेश, जाहलमा से अरविंद, फूडा से सुनील, जोबरंग से नरेंद्र, शांशा से अमरजीत, मालंग से अनिल सहगल, रूडिंग से अशोक, गौशाल से कुलजीत और प्रमोद, केलांग से अशोक वाटा, प्रकाश, प्रेम, मंगवान से अमर ठाकुर, तोद घाटी से रिगजिन हायरपा और तंजिन, कारदंग से विरेंद्र, संजय, बीलिंग से विनोद, चरणजीत, चंद्रावैली से देवेन, राजू, दिनेश, संजीव, सुरेंद्र तथा स्पीति उपमंडल से पूर्व ओलंपियाड कलजंग दोरजे, छेरिंग समेत छुलटिम समेत कई प्रतिनिधियों ने प्रतियोगिता का बहिष्कार करने की घोषणा की है।
