
केलांग। अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ लाहौल-स्पीति इकाई केलांग की आमसभा की बैठक में नई कार्यकारिणी के गठन का फैसला लिया गया। पुराने परिधि गृह में आयोजित इस बैठक की अध्यक्षता अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ के इकाई अध्यक्ष शिवलाल डोगरा ने की।
उन्होंने बताया कि बैठक में फैसला लिया गया कि अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ की कार्यकारिणी के चुनाव 30 अगस्त को वन मंडल अधिकारी केलांग के विश्राम गृह में होंगे। अध्यक्ष ने बताया कि वर्तमान कार्यकारिणी की कार्य अवधि पूरी हो रही है। इसलिए चुनाव करवाकर नई कार्यकारिणी का गठन किया जाएगा। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि चुनाव प्रक्रिया में वही सदस्य भाग ले सकता है जो अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ की सदस्यता के लिए पंजीकरण करवाता है। सदस्यता शुल्क 100 रुपये प्रति सदस्य निर्धारित किया है। इसके अतिरिक्त चुनाव में अध्यक्ष तथा महासचिव पद के उम्मीदवारों के लिए 1000 रुपये नॉन रिफंडेबल डएबल सिक्योरिटी जमा करने का भी निर्णय लिया है। 26 अगस्त दोपहर एक बजे तक नामांकन पत्र भरे जाएंगे। दोपहर 2 बजे तक नामांकन पत्रों की छानबीन होगी। 4 बजे तक नामांकन वापस लेने का समय होगा। 4 बजे चुनाव लड़ने वाले अभ्यर्थियों की अंतिम सूची जारी की जाएगी। 30 अगस्त को दोपहर 2 से 5 बजे तक मतदान और चुनाव होंगे। बैठक में संघ के महासचिव प्रेम चंद शर्मा, उपाध्यक्ष लाल चंद तथा उपाध्यक्ष रामपाल सहित अन्य कार्यकारिणी के सदस्यों ने भाग लिया।
