
नादौन(हमीरपुर)। उपमंडल की भूंपल पंचायत के गांव लाहड़ में मंगलवार रात्रि चोरों ने एक घर से 50 हजार रुपये के गहने व तीन हजार रुपय नगदी चुरा ली। चोर सोने का नैकलस, बालियां, अंगूठी, चांदी की पायजेब, तीन हजार रुपये नगदी तथा मोबाइल भी चुरा कर ले गए। घटना का पता चलते ही पुलिस मौके पर रवाना हो गई है तथा मामले की छानबीन में जुट गई है।
जानकारी के मुताबिक सुनील कुमार का परिवार दिल्ली में रहता है तथा बच्चाें सहित एक माह से घर पर रह रहे हैं। गांव में एक मौत होने के चलते सुनील कुमार वहां गया हुआ था। उसकी पत्नी सुनीता कुमारी अपनी दो बेटियों तथा जेठानी सहित घर के एक कमरे में सो रही थीं। रात लगभग 3 बजे बाहर जाने के लिए उठे लेकिन उन्हें मोबाइल नहीं मिला। सुबह करीब पांच बजे मोबाइल ढूंढने के लिए अलमारी खोली तो देखा इसमें रखा एक सोने का नैकलस, सोने की बालियां, सोने की अंगूठी, चांदी की पायजेब तथा तीन हजार रुपये की नकदी गायब थीं। उन्होंने ग्राम पंचायत प्रधान बलबंत सिंह को सूचना दी । पंचायत प्रधान ने पुलिस को सूचित कर दिया। पुलिस ने मौका पर पहुंचकर छानबीन शुरू कर दी है। एएसपी हमीरपुर अरविंद चौधरी ने बताया कि भूंपल पंचायत के लाहड़ गांव में चोरी की घटना हुई है व पुलिस ने मौका पर पहुंच कर छानबीन शुरू कर दी है।
