
काईस (कुल्लू)। लारजी-सैंज सड़क दस करोड़ से पक्की होगी। लोक निर्माण विभाग ने इसके लिए अस्टीमेट तैयार कर एनएचपीसी को भेज दिया है। सड़क पक्का करने का काम एनएचपीसी की धन राशि से किया जाएगा। चौदह किलोमीटर लंबी इस सड़क को पक्का करने के लिए एनएचपीसी ने लोनिवि के पास तीन करोड़ रुपये जमा करवा दिए है। जल्द शेष धन राशि भी मिलने की उम्मीद है। सड़क पक्की होने से सैंज घाटी के बिहाली, रसतांगणी, तलाड़ा, त्रेहड़, शलवाड़, छानी नाला, नालागढ़ तथा इसके साथ लगते कई गांवों के हजारों लोगों को लाभ पहुंचेगा। लोगों को जहां बरसात में कीचड़ की समस्या से दो चार नहीं होना पड़ेगा, वहीं सड़क पक्की होने से सफ र भी सुहाना हो जाएगा। पक्की सड़क की सुविधा से इलाके के किसान-बागवान अपने उत्पादों को भी सुगमता से मंडियों तक पहुंचा सकेंगे। लोक निर्माण विभाग के अधिशाषी अभियंता विनोदा आनंद ने कहा कि सड़क पक्का करने के लिए विभाग ने एनएचपीसी को दस करोड़ का अस्टीमेट बनाकर कर भेज दिया है। एनएचपीसी की ओर से तीन करोड़ मिल भी चुके हैं। शेष धन राशि जल्द मिलने की उम्मीद है। शीघ्र टेंडर करवा कर तारकोल बिछाने का कार्य आरंभ कर दिया जाएगा।
