
कुल्लू। औट-सैंज मार्ग पर लारजी में एक निजी बस पलटने से 25 यात्री घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए पीएचसी नगवाईं में भरती करवाया गया है। इसमें करीब आधा दर्जन लोगों को गंभीर चोटें आई हैं। इन्हें क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू रेफर किया है। भुंतर पुलिस ने बस चालक के खिलाफ आईपीसी की धारा 279 तथा 337 के तहत मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
भुंतर थाना से मिली जानकारी के अनुसार सैंज से औट के लिए आ रही एक निजी बस मंगलवार दोपहर पौने चार बजे लारजी पहुंची तो अनियंत्रित होकर सड़क पर ही पलट गई। बस में 32 सवारियां बैठी थीं। इसमें 25 लोग घायल हो गए। बस हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची भुंतर और औट पुलिस ने लोगों को सहायता से घायलों को 108 एंबुलेंस की सहायता पीएचसी नगवाईं पहुंचाया। यहां घायलों को प्राथमिक उपचार दिया गया। गंभीर घायलों को कुल्लू के लिए रेफर किया गया। डीएसपी संजय शर्मा ने कहा कि लारजी के पास पौने चार बजे यह हादसा हुआ। पुलिस ने बस चालक के खिलाफ तेजरफ्तारी और लापरवाही का मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
घायलों की सूची
प्रेम सिंह खनेड़ी धारा सैंज, तेजी देवी बरमाड़ी सैंज, परस राम सराहन देहुरी सैंज, मुरली मनोहर तलाड़ा सैंज, अनीता देवी बारसीता कली महाराष्ट्र, तुलसी दास कनैहरी बारसीता कली महाराष्ट्र, शिवदासी खनोगी कुल्लू, तेजी देवी, बरमाड़ी कनौन, एजाज अहमद कुपवाड़ा जम्मू, शांता राम कनैहरी महाराष्ट्र, बवीता ठाकुर खड़ीहार, गीता देवी खलोगी, मुस्ताक अली पुंछ जम्मू-कश्मीर, द्रोपदी देवी सैंज, हुक्कमी देवी कुल्लू, दिनेश कुमार नेऊली, अन्नु ठाकुर हरिपुर कुल्लू और उर्मिला देवी कटौला कुल्लू शामिल हैं। हादसे में पांच वर्षीय रिहान अहम्मद और 12 वर्षीय नेहा तथा टीनू को भी चोटें आई हैं।
