लापता महिला के परिजनों ने घेरा थाना

भोरंज (हमीरपुर)। ग्राम पंचायत घिरड़ के बिड़ला से रहस्यमय स्थिति में गायब हुई रितु कुमारी का अभी तक कोई सुराग नहीं लग पाया है। रितु के परिजनों ने पुलिस कार्यप्रणाली के विरोध में करीब चार घंटे तक थाने का घेराव किया और पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर भड़ास निकाली। लोगों ने रितु का जल्द सुराग लगाने की मांग की है।
गौर रहे कि रितु कुमारी पत्नी मनोहर गत 9 सितंबर को रहस्यमय स्थिति में घर से अचानक लापता हो गई है। इसकी शिकायत पुलिस थाना भोरंज में की है लेकिन अभी तक महिला का कोई सुराग नहीं लग पाया है। इसके चलते वीरवार को महिला के ससुराल और मायके के लोगों ने थाने का घेराव किया। लोगों ने पुलिस कार्यप्रणाली को लेकर जमकर अपनी भड़ास निकाली। थाना प्रभारी की गैर मौजूदगी में एएसआई राजेंद्र कुमार ने लोगों की शिकायत सुनी। लापता महिला की मां कांता देवी ने कहा कि उसकी बेटी का जल्द सुराग लगाया जाए। रितु कुमारी की शादी सात साल पहले हुई है। रितु की बड़ी बहन ने बताया कि एक निजी कंपनी के नंबर से रितु का कॉल्स आ रही थी। रितु की सास और जेठानी ने उसके पास फोन न होने की बात कही है। रितु की एक भतीजी ने बताया है कि रितु के पास फोन था और रात के समय किसी से बात करती थी। लापता की मां ने बताया कि गुमशुदगी के दिन बड़ोह में स्थित वाटर टैंक के कर्मचारी ने उसे वहां देखा था। फिलहाल पुलिस ने रितु के फोन नंबर की कॉल डिटेल को विजिलेंस विभाग को लिखा है। मामले का खुलासा कॉल डिटेल आने के बाद ही हो सकेगा। धरना-प्रदर्शन में महिला आयोग सदस्य प्रोमिला देवी, लापता की मां कांता देवी, पिता राम लाल, पपलाह पंचायत उपप्रधान सुरेंद्र, इंटक महासचिव संजीव राणा आदि लोग मौजूद रहे।
उधर, थाना प्रभारी ओम चंद का कहना है कि रितु के परिजन शक जाहिर नहीं कर पा रहे हैं। कॉल डिटेल खंगालने के लिए लिखा गया है। पुलिस अपने स्तर पर जांच कर रही है।

Related posts