
थुरल (कांगड़ा)। स्थानीय अस्पताल से पिछले पांच दिन से लापता मरीज के तीमारदारों ने मंगलवार को थुरल अस्पताल के सामने प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया। मौके पर पहुंचे नायब तहसीलदार, और थाना लंबागांव के प्रभारी ने लोगों को शांत किया। जानकारी के अनुसार थुरल अस्पताल में 29 मई को कौना पंचायत के गांव अप्पर सुरघूणी निवासी शाली राम (52) बीमारी के चलते अस्पताल में दाखिल करवाया था। लेकिन, वह उसी रात करीब एक बजे अस्पताल से लापता हो गया था। जिसका पता चलते ही शाली के पुत्र अमित कुमार ने थुरल पुलिस में शिकायत दर्ज करवा दी थी। लेकिन, पांच दिन के बाद भी मरीज शाली राम के न मिलने से कौना पंचायत के लोगों और महिला मंडल के करीब 70-80 लोगों ने अस्पताल में आकर प्रदर्शन कर प्रशासन के खिलाफ नारे लगाए। इसका पता चलते ही अस्पताल के बीएमओ ने लंबागांव पुलिस को सूचना दी। जिससे लंबागांव पुलिस प्रभारी सुनील राणा मौके पर पहुंचे। एसडीएम पालमपुर ने इसका पता चलते ही मौके पर प्रशासन की ओर से नायब तहसीलदार पीएल शर्मा को भेजा। दोनों अधिकारियों ने लोगों को मरीज को तलाशने की बात कर शांत किया। एसडीएम पालमपुर भूपेंद्र अत्री ने कहा कि लोगों के प्रदर्शन का पता चलते ही नायब तहसीलदार को घटनास्थल पर भेजा था। मरीज की तलाश की जा रही है।
