
कुल्लू। बारिश ने कुल्लू जिले की बंजार घाटी में भारी तबाही मचाई है। बंजार के थाटीबीड़ के गनेउली गांव में बुधवार रात को बरसी सावन की बरसात ने किसानों को लाखों की क्षति पहुंचाई है। लोगों के मुताबिक देर रात अढ़ाई बजे अचानक तेज बारिश होने से गांव में जोरदार की आवाज आई। ग्रामीण बाहर निकले तो गांव का माहौल देखकर दंग रह गए। साथ बहती गनेउली खड्ड का मलबा गांव की ओर मुड़ने से पानी मलबे सहित नौ घरों में जा घुसा। अंधेरा होने तथा बाढ़ का पानी बढ़ने से ग्रामीणों में अफरातफरी मच गई और गांव छोड़कर सुरक्षित जगह की ओर भाग निकले। सुबह चार बजे के बाद स्थिति नियंत्रित होने पर ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। इस दौरान गांव में स्थित पीएचसी के अंदर भी मलबा आ गया था। पंचायत थाटीवीड़ की प्रधान अनीता देवी ने इसकी पुष्टि की है।
उन्होंने कहा कि देर शाम अचानक आई बाढ़ से सूरत राम, बाल कृष्ण तथा हरिकृष्ण के खेतों को नुकसान पहुंचा है। इसमें गोभी, मक्की तथा टमाटर की फसल तबाह हो गई है। गांव के लगन चंद, हेम राज, देवकी देवी, उत्तम राम, अमर चंद तथा ध्यान सिंह के घरों में मलबा भर गया है।
पटवारी मंगलौर कुर्म दत्त ने बताया कि वीरवार को किसी कारण से मौके का जायजा लेने नहीं जा सके हैं। शुक्रवार को वह मौके पर जाकर पूरी रिपोर्ट तैयार करेंगे। डीसी राकेश कंवर ने कहा कि जिला में बारिश से भूस्खलन की सूचना मिली है। जहां फसलों को नुकसान पहुंचा है, उसका आकलन उपमंडल स्तर पर एसडीएम करवाएंगे।
खड्ड में झील बनने से खतरा
गांव के साथ बहने वाली खड्ड में एक झील भी बन गई। यह झील गांव के लिए खतरा पैदा कर सकती है। पंचायत प्रधान अनीता देवी ने कहा कि गांव में आई बाढ़ और नुकसान की सूचना पटवारी को दे दी है।
आधा दर्जन सड़कें अभी भी बंद
कुल्लू। मुसलाधार बारिश से बंजार-जौरी, बंजार-छतरी, बंजार-चनौन,
बंजार-पेखडी, बंजार-खनी,आनी-रोहाचल और आनी-नावीधार संपर्क मार्गों पर दूसरे दिन भी यातायात प्रभावित रहा। आरएम पवन कुमार शर्मा ने कहा कि बारिश से जिला में करीब आधा दर्जन संपर्क मार्ग प्रभावित चल रहे हैं। इन सड़कों पर बसों को भेजा जा रहा है लेकिन भूस्खलन होने से बसे गंतव्य तक नहीं पहुंच रही।
