
टाहलीवाल (ऊना)। स्थानीय बाजार में गढ़शंकर मार्ग पर स्थित एक इलेक्ट्रॉनिक की दुकान में चोरों ने सेंधमारी कर डाली। वारदात में लाखों रुपये के उपकरणों के साथ दो हजार नकदी चोरी होने का दावा किया जा रहा है। प्रभावित के अनुसार चोर दुकान में रखी तीन एलईडी, चार वॉशिंग मशीन एवं एक होम थियेटर पर हाथ साफ कर फरार हो गए हैं। जिसकी कीमत लगभग दो लाख के बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि चोर दुकान में एक ट्राला जीप में सवार होकर आए थे। पुलिस ने घटना के संदर्भ में छानबीन शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार रविवार अज्ञात चोरों ने देर रात गढ़शंकर रोड पर स्थित धीमान इलेक्ट्रॉनिक की दुकान के शटर के ताले तोड़ डाले। चोरों ने दुकान में रखी 32 इंच की तीन एलईडी, चार वाशिंग मशीनें और एक होम थियेटर सहित दो हजार रुपये नकदी चुरा ले गए। रात के समय औद्योगिक क्षेत्र से लौट रहे कुछ कामगारों ने मौके से कुछ युवक गाड़ी में भागते देखा, जिसके बाद इसकी सूचना पुलिस थाना हरोली में दी। दुकानदार प्रदीप कुमार ने बताया कि चोर दुकान से लगभग दो लाख रुपये का समान लेकर फरार हो गए हैं। वहीं क्षेत्र में बढ़ती चोरी की वारदातों से लोगों में दहशत का माहौल है। स्थानीय दुकानदारों में प्रदीप कुुमार, विक्की, राजीव कुमार, सतीश, राज कुमार और विक्रांत ने पुलिस प्रशासन से स्थानीय बाजार में रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग की है। इस संबंध में हरोली थाना प्रभारी हरजीत सिंह ने बताया कि पुलिस ने दुकान मालिक प्रदीप कुमार की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है। आगामी छानबीन शुरू कर दी है।
