
धर्मशाला(आत्मा राम)बार-बार हिदायतें देने के बावजूद टैक्स की अदायगी न करने वाले हाउस होल्डरों से टैक्स वसूली नगर परिषद कोर्ट के माध्यम से करवा सकती है। फिलहाल, उपभोक्ता को टैक्स जमा करवाने के लिए नप ने 31 मार्च तक का समय दिया है। सैकड़ों हाउस होल्डरों ने लंबे समय से टैक्स नप के पास जमा नहीं करवाया है। कचहरी अड्डे के पास एक होटल व्यवसायी ने होटल का टैक्स कई साल से नहीं भरा है। होटल मालिक से नप ने 20 लाख की राशि वसूल करनी है। इसके अलावा शहर के 150 के करीब हाउस होल्डराें ने भी टैक्स अदा नहीं किया है। इनसे नप ने 15 लाख के करीब राशि वसूल करनी है। नप के सूत्रों के अनुसार पहले भी कई बार टैक्स अदायगी को लेकर हाउस होल्डरों को नोटिस भेजे जा चुके हैं। ये हाउस होल्डर नप के पास टैक्स जमा नहीं करवा रहे हैं। इस कारण साल दर साल टैक्स की राशि बढ़ती जा रही है। इससे पहले टैक्स अदा न करने वाले हाउस होल्डरों से नप कोर्ट के माध्यम से भी पैसा वसूल कर चुकी है। उधर, नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी ललित ठाकुर ने कहा कि नप ने हाउस होल्डरों से 35 लाख टैक्स के वसूल करने हैं। इन्हें जल्द टैक्स जमा करवाना होगा।
