लठियाणी में निजी बस पलटी

बंगाणा/लठियाणी (ऊना)। क्षेत्र के लठियाणी के पास सुबह हमीरपुर से ऊना आ रही एक निजी बस अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में दो महिलाओं सहित चार लोग जख्मी हो गए। उन्हें घायलावस्था में बड़सर अस्पताल ले जाया गया, जहां घायलों का इलाज चल रहा है। हादसा बुधवार सुबह साढ़े ग्यारह बजे के करीब हुआ। घटना के वक्त बस में लगभग 20 यात्री सवार थे। घटना के तुरंत बाद एएसपी वीरेंद्र सिंह ठाकुर सहित अन्य कर्मी भी मौके पर पहुंच गए थे।
पुलिस के मुताबिक एक निजी बस हमीरपुर से ऊना आ रही थी कि अचानक लठियाणी से दो किलोमीटर पीछे सोलहसिंगी धार पर एक तीखे मोड़ पर अनियंत्रित होकर पलट गई। बस में करीब 20 यात्री सवार थे। इनमें से दो महिलाओं सहित चार लोग घायल हो गए, जबकि शेष 16 यात्री हादसे में बाल-बाल बच गए। घायलों को 108 एंबुलेंस की मदद से सीएचसी बड़सर पहुंचाया गया, जहां चारों घायलों का उपचार चल रहा है। घटना की सूचना मिलते ही एडिशनल एसपी वीरेंद्र सिंह ठाकु र, बंगाणा थाने से एसएचओ रामदास कौशल व एएसआई रमेश धवन सहित एक पुलिस टीम, बंगाणा उपमंडल के एसडीएम केएस चौधरी तथा बीएमओ घनश्याम सहित स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मौके पर पहुंच का घटना का जायजा लिया। बंगाणा थाना प्रभारी रामदास कौशल ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर घटना के कारणों की तफ्तीश शुरू कर दी है।

हादसे में घायलों के नाम
हादसे में सिकं दरा देवी (40), पूजा देवी (28), मदन लाल (58) तथा मोहन सिंह काजा निवासी (38) घायल हुए हैं।

Related posts