लगचौक पर बनेगा भूमिगत रास्ता

भल्याणी (कुल्लू)। राहगीरों को अब शहर की व्यस्त सड़क को आरपार करने में दिक्कत नहीं आएगी। लगचौक पर जल्द ही भूमिगत पैदल रास्ता बनेगा। इसके लिए लोक निर्माण विभाग ने कवायद तेज कर दी है। पैदल रास्ते के बन जाने से हजारों लोगों को सड़क क्रास करने में आसानी होगी। लोकनिर्माण विभाग इन दिनों इसके लिए प्राक्कलन बनाने में जुटा है।
कुल्लू शहर तथा लगघाटी के लोगों को अब वाहनों से व्यस्त रहने वाली सड़क को पार करने में परेशानी नहीं होगी। लोक निर्माण विभाग जनसुविधाओं को ध्यान में रखते हुए लगचौक पर भूमिगत पैदल रास्ता बनाएगा। विभाग इन दिनों इसके लिए डीपीआर बनाने में जुटा है। इसकी पुष्टि लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता जीसी गुप्ता ने की। भूमिगत पैदल रास्ते के बनने से सीसे स्कूल ब्वॉयज ढालपुर के सैकड़ों बच्चे, लगघाटी की तरफ जाने और आने वाले हजारों लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है। शीशामाटी क्षेत्र के भी सैकड़ों लोग यहां से गुजरते हैं। लेकिन वाहनों से भरी रहने वाली सड़क को पार करने में लोगों को खासी परेशानी होती है। ऐसे में भूमिगत रास्ता बनने से लोगों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता जीसी गुप्ता ने बताया कि विभाग इन दिनों डीपीआर बनाने में जुटा है। डीपीआर बनते ही धन की व्यवस्था की जाएगी। इस लोकहित कार्य को धरातल पर जल्द उतारा जाएगा।

Related posts