
कुल्लू। जिला कुल्लू की लगघाटी में प्रतिभा खोज परीक्षा 2012-13 में बच्चों ने शानदार प्रदर्शन कर खूब इनाम जीते। परीक्षा का आयोजन लगघाटी शिक्षा विभाग कर्मचारी कल्याण संघ द्वारा करवाया गया। परीक्षा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल भुट्टी में करवाई गई। लगघाटी शिक्षा विभाग कर्मचारी कल्याण संघ के पदाधिकारियों ने भुट्टी स्कूल की उप प्रधानाचार्या कविता तथा अध्यापकों की उपस्थिति में परिणाम घोषित किया। परीक्षा प्राथमिक स्तर पर पांचवीं कक्षा तथा माध्यमिक स्तर पर आठवीं कक्षा के विद्यार्थियों के लिए रखी थी। इसमें उच्चतम ग्रेड में पास बच्चों को ही जगह दी गई थी। परीक्षा में माध्यमिक स्तर पर सोनाली ठाकुर प्रथम रहीं। आशीष ठाकुर और संजय ठाकुर ने दूसरा स्थान हासिल किया। प्राथमिक स्तर पर प्राथमिक पाठशाला खनिपांध के विशाल ठाकुर प्रथम और डूघीलग स्कूल की कल्पना ठाकुर दूसरे स्थान पर रहीं। इस परीक्षा में लगघाटी के विभिन्न मिडिल, प्राथमिक, उच्च और वरिष्ठ माध्यमिक पाठशालाओं के 65 बच्चों ने भाग लिया।
छात्र-छात्राओं की इस उपलब्धि पर लगघाटी शिक्षा विभाग कर्मचारी कल्याण संघ के अध्यक्ष पैना राम, महासचिव जोगिंद्र ठाकुर, मुख्य सलाहकार राजेंद्र सिंह सहित अन्य सदस्यों ने बधाई दी है। कर्मचारी कल्याण संघ के महासचिव जोगिंद्र सिंह ठाकुर ने बताया कि लगघाटी के सरकारी स्कूलों में पढ़ रहे बच्चों के विकास एवं उनमें प्रतिस्पर्धा की भावना भरने की दृष्टि से प्रतिभा खोज परीक्षा का आयोजन किया गया।
