लकड़ी से भरे तीन वाहन जब्त

दौलतपुर चौक (ऊना)। स्थानीय पुलिस एवं वन विभाग की संयुक्त टीम ने अवैध लकड़ी से भरे तीन वाहनों को पकड़ा है। इनमें अवैध रूप से चीड़, बालन, रूम्बल, आम की लगभग 70 क्विंटल लकड़ी भरी हुई थी। लकड़ी की कीमत लगभग एक लाख रुपये बताई जा रही है। वन विभाग ने तीनों वाहनों को अपने कब्जे में लेकर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। क्षेत्र में वन काटुओं की सक्रियता से क्षेत्रवासियों में दशहत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार गुप्त सूचना के आधार पर वन विभाग एवं पुलिस ने नाकेबंदी के दौरान दौलतपुर के हिमाचल-पंजाब सीमा के निकट तीन वाहनों को चेकिंग के लिए रोका। चेकिंग के दौरान वन महकमे की टीम ने वाहनों में भारी मात्रा में प्रतिबंधित लकड़ी बरामद की। वाहन चालक लकड़ी के संदर्भ में कोई दस्तावेज पेश न कर सके। इस पर वन विभाग ने चालक रजात मोहम्मद, रामस्वरूप, बलवीर सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। तीनों चालक गगरेट क्षेत्र के ही बताए जा रहे हैं। उधर डीएफओ आके कौशल ने बताया कि मामले के संदर्भ में आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने वन अधिनियम की धारा 41, 42 एवं आईपीसी की धारा 379 के तहत केस दर्ज कर लिया है। उन्होंने बताया कि तीनों वाहनों को जब्त कर घडाबल भेज दिया है। वहीं पुलिस टीम में चौकी प्रभारी हरजीत सिंह, सुरजीत सिंह, वन विभाग की टीम में रेंज आफिसर राहुल शर्मा, डिप्टी रेंजर गोपाल, राकेश कुमार, वन रक्षक अरुण कुमार, सुनील, मलकीयत, ज्योति देवी, ज्योति शर्मा शामिल थे। एसपी अनुपम शर्मा ने कहा कि एफआईआर दर्ज करके छानबीन शुरू कर दी गई है। उन्होंने कहा कि वन काटुओं के खिलाफ पुलिस भी अभियान तेज करेगी।

Related posts