
गोहर (मंडी)। गोहर कांढा सड़क पर जीप में तस्करी कर ले जाई जा रही देवदार की लकड़ी के मामले को लेकर वन विभाग ने जीप मालिक के खिलाफ पुलिस में एफआईआर दर्ज करवा दी है। पुलिस ने मामले की जांच मुख्य आरक्षी बलदेव सिंह को सौंपी है। एसएचओ गोहर नवीन झालटा ने जीप मालिक के खिलाफ वन विभाग द्वारा मामला दर्ज करने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि जीप मालिक मुरारी लाल के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर दी गई है, जिसे जल्द थाने में पूछताछ के लिए तलब किया जा रहा है। बीती रविवार रात को नाचन वन मंडल के अधिकारियों और कर्मचारियों ने गोहर कांढा सड़क पर नाका लगाया हुआ था। इस दौरान कांढा से गोहर की ओर आ रही जीप में देवदार की लकड़ी बरामद की गई। जीप चालक की नजर जैसे ही वन विभाग के नाके पर पड़ी तो चालक जीप को पत्थरों के ऊपर चढ़ाकर फरार हो गया। वन विभाग की टीम भी मौके पर पहुंच गई। इस दौरान वन विभाग ने जीप में आधा दर्जन से अधिक मोचे देवदार के बरामद किए। इनकी कीमत करीब 25 और 30 हजार के बीच बताई जा रही है। वन विभाग ने अवैध लकड़ी और जीप को कब्जे में ले लिया। आरओ रोशन लाल ने डीएफओ को सूचना देने के बाद पुलिस में मामला दर्ज कर दिया है। वारदात के तीसरे दिन भी फरार जीप चालक की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। एसएचओ गोहर नवीन झालटा ने बताया कि पुलिस मामले की गहनता से छानबीन कर रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।
