लंबित बिलों के भुगतान की उठी मांग

अर्की (सोलन)। हिमाचल प्रदेश पेंशनर कल्याण संघ की अर्की इकाई ने उत्तराखंड में हुई प्राकृतिक त्रासदी पर गहरा शोक जताया है। शुक्रवार को संघ की एक दिवसीय बैठक की अध्यक्षता करते हुए प्रधान मदन लाल गर्ग ने सभी लोगों से पीड़ितों की मदद करने का आह्वान किया। इस संबंध में संघ के प्रेस सचिव रोशन लाल वर्मा ने बताया कि तीन वर्षों से अधिक समय से लंबित चिकित्सा बिलों की अदायगी न होने पर सदस्यों ने नाराजगी जताई है।
सर्वसहमति से प्रस्ताव पारित कर प्रदेश सरकार से आग्रह किया गया है कि मेडिकल बिलों की अदायगी हेतु पर्याप्त बजट जारी किया जाना चाहिए। संघ पदाधिकारियों ने सभी पेंशन भोगियों से आग्रह किया कि वे पहली जुलाई से बीस अगस्त के दौरान अपने जीवन प्रमाण पत्र स्थानीय कोषाधिकारी कार्यालय में जमा करवाएं, अन्यथा पेंशन रुक जाएगी। इस मौके पर गोपाल दास वर्मा, योगेश चंद्र चतुर्वेदी, राम चंद शर्मा, प्रकाश गुप्ता, रत्तन सिंह, गोपाल सिंह, नंद लाल शर्मा, देवी राम गुप्ता, श्याम गुप्ता, जय नंद शर्मा, नरदेव शर्मा, रोशन लाल वर्मा और संत राम आदि मौजूद रहे।

Related posts