
नई दिल्ली। रोहिणी इलाके में शनिवार शाम लूटपाट की नीयत से घर में घुसी पूर्व नौकरानी ने महिला एवं बाल विकास मंत्रालय में कार्यरत महिला पर दरांती से हमला कर दिया। उसके गर्दन और सिर पर जख्म हैं। शोर मचाने पर भाग रही नौकरानी को पड़ोसी महिला ने उसे दबोच लिया।
पुलिस के अनुसार, महिला एवं बाल विकास मंत्रालय में क्लर्क के पद पर कार्यरत कमलजीत कौर (54) सेक्टर तीन, रोहिणी में अकेली रहती हैं। उनके पति का देहांत हो चुका है। शनिवार शाम उनकी पूर्व नौकरानी सुनीता घर आई थी। कमलजीत से उसने किसी के घर में नौकरी लगवाने के लिए कहा। साथ ही पुराने कपड़े देने की गुजारिश की। कमलजीत अलमीरा से पुराने कपड़े निकाल रही थी। इसी दौरान सुनीता पीछे पीछे उनके पास पहुंच गई और उनके सिर पर दरांती से हमला कर दिया। जब तक कमलजीत संभलतीं उसने दोबारा उनके गले पर हमला किया। कमलजीत ने हाथ से दरांती को रोककर अपना बचाव किया और बालकनी की तरफ भागकर शोर मचाने लगीं।
शोर सुनकर पड़ोस में रहने वाली रीटा बाहर निकली। उसने सुनीता को भागते देखा। रीटा ने उसका पीछा कर दबोच लिया। शोर सुनकर अन्य लोग भी वहां आ गए। रीटा लहूलुहान कमलजीत को लेकर अंबेडकर अस्पताल पहुंची। सूचना पाकर घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने नौकरानी को हिरासत में ले लिया। सुनीता के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। जांच के बाद पुलिस ने बताया कि सुनीता शनिवार को लूटपाट के मकसद से कमलजीत के घर में घुसी थी।
