
कुल्लू(भाग सिंह)कुछ दिन की राहत के बाद फिर से कुल्लू और लाहौल घाटी का मौसम खराब हो गया है। सुबह से बादलों से ढका मौसम दोपहर बाद बरस पड़ा और ऊंची चोटियों पर हल्की बर्फबारी शुरू हो गई। जबकि, निचले इलाकों में बूंदाबांदी होने से लोगों ने फिर गरम वस्त्र निकाल लिए हैं। चार-पांच दिन तक घाटी का मौसम शुष्क रहने से लोगों ने गरम कपड़ों को पहनना छोड़ दिया था। रोहतांग दर्रा, सोलंगनाला तथा जलोड़ी दर्रा सहित ऊंची चोटियों पर बर्फ के फाहे गिरने से जहां ठंड बढ़ गई है, वहीं सोलंगनाला में ताजा बर्फबारी से यहां सैर सपाटे को पहुंचे बाहरी राज्यों के सैलानी खुशी से झूम उठे।
इसके अलावा यहां स्कीइंग तथा अन्य व्यवसाय से जुडे़ लोग भी गदगद हो गए हैं। जलोड़ी दर्रा में बचाव दल के सदस्य भाग सिंह ठाकुर ने बताया 10281 फुट ऊंचे जलोड़ी टॉप पर दोपहर बाद बर्फ बारी का दौर शुरू होने से औट-लुहरी मार्ग बहाली को विराम लगा दिया है।
