
कुल्लू। रविवार को मनाली और लाहौल स्पीति की ऊंची चोटियों पर बर्फबारी का दौर शुरू हो गया। रविवार को दिन भर रोहतांग, चंद्रखणी, हामटा पास, हनुमान टिब्बा, देऊ टिब्बा समेत ऊंची चोटियों पर बर्फबारी का दौर चलता है। इसके अलावा लाहौल स्पीति की ऊंची चोटियों कुंजुम पास, बारालाचा पास, लेडी ऑफ केलांग समेत अन्य ऊंची चोटियों पर बर्फबारी का दौर शुरू हो गया। वहीं कुल्लू-मनाली के निचले क्षेत्रों में दिन भर रूक-रूक कर बारिश का दौर चलता रहा। इसके कारण निचले क्षेत्रों में ठंड बढ़ गई है। कुछ दिनों से कुल्लू-मनाली में गर्मी का अहसास होने लगा था, लेकिन अब पहाड़ों पर बर्फबारी और निचले क्षेत्रों में हुई बारिश से ठंड प्रकोप बढ़ गया। रविवार को ठंड बढ़ने पर लोगों को दिन में हीटर आदि जलाने पड़े। स्थानीय निवासी अभिनव शर्मा, राजेश कुमार, दीपेंद्र ठाकुर, रूपेश, यादवेंद्र, प्रकाश चंद, नेहा शर्मा, भुवनेश्वरी ठाकुर, प्रोमिला देवी के अनुसार कुछ दिन पहले कुल्लू में गर्मी बढ़ गई थी, लेकिन एकाएक बारिश होने ठंडी बढ़ गई। इस कारण उन्हें फिर से स्वेटर और जैकेट पहननी पड़ रही है।
