रोहतांग में हिमपात, कड़ाके की ठंड

केलांग/मनाली। मैदानी इलाकों में जहां गरमी से लोग बेहाल हैं वहीं लाहौल में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। प्री-मानसून का ही असर है कि मैदानी इलाकों में बारिश की बौछारों के साथ ही पर्यटन स्थल रोहतांग दर्रा शनिवार को ताजा हिमपात से फिर सफेद हो गया। यहां करीब तीन इंच ताजा बर्फ गिरी है।
लाहौल और मनाली के रिहायशी इलाकों में दिनभर बारिश होती रही। दर्रा में ताजा बर्फ से लाहौल घाटी में ठंड भी बढ़ गई है। हिमपात के बावजूद रोहतांग होकर वाहनों की आवाजाही देर शाम तक जारी रही। देश के कौने-कौने से रोहतांग पहुंचे पर्यटकों ने शनिवार को ताजा हिमपात का जमकर लुत्फ उठाया। इनमें अधिकांश पर्यटकों ने पहली बार हिमपात होते देखा। वहीं तीन दिन से मनाली सहित समूची ऊझी घाटी में लगातार खराब मौसम और बारिश से तापमान सामान्य से करीब दो डिग्री नीचे लुढ़क गया है। शनिवार को मनाली की ऊंची चोटियों मकरवे ,शिकरवे , मनाली पीक , लददाखी पीक , सैवन सीस्टर पीक, पतालसू पीक, देऊ टिब्बा , हनुमान टिब्बा, हामटा पास, शिरघन तुंग और मांगण कोट सहित अन्य चोटियों में ताजा हिमपात हुआ।
लाहौल में ठंड के कारण चुनाव प्रचार पर भी इसका असर देखा जा रहा है। ठंड के कारण लोग अपने घरों से बाहर नहीं निकल पा रहे हैं। मनाली में ठंड के कारण सैलानियों को गर्म स्वेटरों की खरीददारी तक करनी पड़ रही है। भारी बारिश और ठंड सेे जनजीवन भी प्रभावित हुआ। केलांग डिपो के क्षेत्रीय प्रबंधक मंगलचंद मानेपा ने बताया कि रोहतांग दर्रा पर शनिवार को बर्फबारी के बावजूद निगम की बसों की आवाजाही जारी रही।

Related posts